इटावा(हि.स.)। उत्तर प्रदेश के इटावा जनपद में थाना सैफई क्षेत्र के अंतर्गत हरदोई गांव में घर के बाहर चारपाई पर सो रहे साठ वर्षीय बुजुर्ग किसान की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हत्या के शक के आरोप में पुलिस ने किसान के पड़ोस में रहने वाले युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
एसपी ग्रामीण सतपाल सिंह ने बताया कि थाना सैफई क्षेत्र के अंतर्गत हरदोई गांव में घर के बाहर चबूतरे पर चारपाई पर सो रहे साठ वर्षीय किसान साहब सिंह की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई है। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों ने जानकारी दी है कि मृतक साहब सिंह का झगड़ा पड़ोस में रहने वाले युवक के साथ कल शाम को हुआ था । इसीलिए प्रथम दृष्टया हत्या का शक पड़ोसी युवक पर है। उन्होंने बताया कि घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर विधिक कार्यवाही की जाएगी। गांव में शांति व्यवस्था बहाल है।
रोहित/बृजनंदन
