Tuesday, May 5, 2026
Homeमंडललखनऊ मंडलगोल्फ सिटी क्षेत्र में अवैध कालोनियों की भरमार, एलडीए की कार्रवाई

गोल्फ सिटी क्षेत्र में अवैध कालोनियों की भरमार, एलडीए की कार्रवाई

लखनऊ(हि.स.)। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) के परिक्षेत्र में आने वाले सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र में अवैध काॅलोनियों की भरमार है। अवैध काॅलोनियों की जांच पड़ताल करने वाले एलडीए के अधिकारी अब एक के बाद एक कार्रवाई कर रहे हैं।

सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र में बिना मानचित्र स्वीकृत कराये हुए दो दर्जन से ज्यादा बिल्डर व कोलोनाईजर अवैध काॅलोनियों को विकसित कर चुके हैं। अवैध काॅलोनियों में लोगों ने एडवांस या फुल पेमेंट देकर प्लॉट भी बुक करा लिये हैं। अवैध रुप से बनायी गयी काॅलोनियों में सस्ते प्लॉट के चक्कर में लोगों के रुपये भी फंस रहे हैं। बावजूद इसके अवैध काॅलोनी बनाने वाले कोलोनाईजर का धंधा फल फूल रहा है।

– नामी कोलोनाईजरों ने लगाये बोर्ड

सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र में अवैध रुप से बनाये गये काॅलोनियों में छोटे नाम शामिल है तो लखनऊ के बड़े बिल्डर व नामी कोलोनाईजरों के भी नाम शामिल है। प्लॉट काटने से पहले ही वे अपने बोर्ड लगा दे रहे हैं। कुछ एक स्थानों पर एलडीए द्वारा स्वीकृत भी लिखाया जा रहा है। जिससे प्लॉट खरीदने वाले आकर्षित होते है।

– अवैध काॅलोनियों में व्यवस्थाओं की भारी कमी

अवैध रुप से बनी काॅलोनियों तक सीवर लाइन नहीं पहुंच सकी है। सीवर लाइन को कागज पर दिखाया जाता है। प्लॉट खरीदने वालों को मौके पर कुछ दिनों में सीवर की व्यवस्था कराने का दावा भी किया जाता है। इसी तरह काॅलोनियों में प्लॉट काटते हुए नाली बनायी नहीं जाती है। नालियों के अभाव में गंदा पानी मार्ग पर बहता रहता है।

– एलडीए के जोनल अधिकारी ने लिया एक्शन

एलडीए के जोन एक के तहत आने वाले सुशांत गोल्फ सिटी के जोनल अधिकारी अरुण कुमार सिंह आजकल अवैध काॅलोनियों को बनाने वाले कोलोनाईजरों के विरुद्ध सक्रिय भूमिका निभाते हुए पूरी टीम के साथ एक्शन मोड में हैं। जोनल अधिकारी अरुण कुमार सिंह ने कहा कि बीते एक माह में चार बड़े एवं तीन छोटे कोलोनाईजरों के अवैध निर्मार्णो को ध्वस्त कराया गया है। अवैध काॅलोनियों के निर्माण में कमी लाने का प्रयास किया जा रहा है। एलडीए में कोलोनाइजर लेआउट पास कराने आ रहे हैं।

– प्लॉट खरीदने वालों से किया अपील

जोनल अधिकारी अरुण सिंह ने प्लॉट खरीदने वालों से अपील करते हुए कहा कि लोग अवैध कालोनियों में प्लॉट ना खरीदें। नियोजित कालोनी की जानकारी कर प्लॉट खरीदें। जिससे उन्हें किसी प्रकार की समस्या का सामना ना करना पड़े।

शरद

RELATED ARTICLES

Most Popular