– अपराधियों के खिलाफ सख्त हुई पुलिस, तैयार हुई कुंडली
– लूट, डकैती, हत्या के अपराधियों पर है पुलिस की तिरछी नजर
– चिह्नित 132 अपराधियों के खिलाफ जिलाबदर की कार्रवाई
– 400 अन्य अपराधियों के खिलाफ गुंडा एक्ट की कार्रवाई होगी
– आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर अभी से शुरू हुई तैयारी
गोरखपुर (हि.स.)। गोरखपुर पुलिस ने आगामी विधानसभा चुनाव को शांति पूर्वक सम्पन्न करवाने के लिए अभी से तैयारी शुरू कर दी है। लूट, डकैती, हत्या जैसे गंभीर अपराधों में संलिप्त अपराधियों पर पुलिस ने अपनी नजरें तिरछी कर ली हैं। 132 अपराधियों पर जिलाबदर और लगभग 400 अपराधियों के खिलाफ गुंडा एक्ट की तैयारी है। जल्दी ही इनके खिलाफ कार्रवाई शुरू हो जाएगी।
जल्दी ही आगामी विधानसभा चुनाव का आगाज होना है। इसे लेकर गोरखपुर पुलिस ने अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. विपिन ताडा के निर्देश पर पुलिस ने हत्या, लूट, डकैती, चोरी, वाहन चोरी, नकबजनी अपराधी, गैर इरादतन हत्या और हत्या के प्रयास करने जैसे कृत्य करने वाले अपराधियों को निशाने पर लिया है। पुलिस ने इनकी कुंडली तैयार करनी शुरू कर दी है।
अब तक कि तैयारी में चिह्नित किये गए अपराधियों में हत्या के 22, लूट और डकैती के 43, चोरी, वाहन चोरी व नकबजनी के 33 अपराधी, गैर इरादतन हत्या और हत्या के प्रयास के 34 अपराधी समेत कुल 132 अपराधियों को चिन्हित कर लिया है। इनके खिलाफ कार्रवाई भी सुनिश्चित कर लिया गया है। इन्हें जिला बदर किया जाना है। तैयारी के मुताबिक जल्दी ही यह आदेश जारी कर दिया जाएगा। इसके अलावा 400 अन्य अपराधों से जुड़े अपराधियों की सूची भी तैयार की गई है। इनमें महिला सम्बधी अपराध, आपसी रंजिश में मारपीट जैसे संज्ञेय अपराधों में पाए गए औरअधियों के नाम शामिल है। इनके खिलाफ गुण्डा एक्ट की कार्रवाई की जा रही है।
इस संबंध में एसएसपी डॉ. विपिन ताडा का कहना है कि त्योहारों में खलल डालने वालों को भी चिह्नित किया गया है। आगामी विधानसभा को शांति पूर्वक संपन्न कराने के लिए अपराध में संलिप्त अपराधियों की कुंडली खंगाली जा रही है। उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। चुनाव से पूर्व ही अपराधियों को पूरी तरह नियंत्रित करने की गरज से ऐसी कार्रवाइयां की जा रहीं हैं।
