लखनऊ (हि.स.)। रेलवे प्रशासन ने ट्रेनों में वेटिंग कम करने और अधिक संख्या में यात्रियों को कंफर्म सीटें दिलाने के लिए एक्शन प्लान बनाया है। एक्शन प्लान के तहत गोरखपुर-मुम्बई एक्सप्रेस सहित कई स्पेशल ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाए जाएंगे। इससे यात्रियों को वेटिंग से राहत मिलेगी।
रेलवे प्रशासन के मुताबिक, 09021 बांद्रा-लखनऊ स्पेशल ट्रेन में 14 से 21 नवम्बर तक बांद्रा से जबकि 09022 स्पेशल ट्रेन में 15 से 29 नवम्बर तक लखनऊ से स्लीपर की एक अतिरिक्त बोगी लगाई जाएगी। 09065 स्पेशल ट्रेन में 16 नवम्बर को सूरत से एसी थर्ड में एक और स्लीपर में तीन बोगियां लगेंगी। 09066 स्पेशल ट्रेन में 18 नवम्बर को छपरा से अतिरिक्त बोगियां लगेंगी। 09089 स्पेशल ट्रेन में अब 30 नवम्बर तक अहमदाबाद से और 09090 स्पेशल ट्रेन में 15 नवम्बर से दो दिसम्बर तक गोरखपुर से स्लीपर क्लास की दो अतिरिक्त बोगियां लगेंगी।
इसी तरह से 02530 लखनऊ जंक्शन- पाटिलपुत्र स्पेशल और 02529 पाटिलपुत्र-लखनऊ जंक्शन स्पेशल ट्रेन में 16, 17 और 18 नवम्बर को एसी चेयरकार की एक अतिरिक्त बोगी लगेगी। 02597 गोरखपुर-मुम्बई स्पेशल में 17 और 24 नवम्बर को, 02598 मुम्बई-गोरखपुर स्पेशल में 18 व 25 नवम्बर को सेकंड सीटिंग क्लास की दो अतिरिक्त बोगियां लगेंगी। 05101 छपरा-मुम्बई स्पेशल में 17 नवम्बर को छपरा से जबकि 05102 मुम्बई-छपरा स्पेशल ट्रेन में 20 नवम्बर को मुम्बई से सेकंड सीटिंग क्लास की दो अतिरिक्त बोगियां लगेंगी।
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार ने शनिवार को बताया कि रेलवे प्रशासन ने सभी भीड़ वाले स्टेशनों पर अतिरिक्त बोगियों की व्यवस्था करने का आदेश दिया है। इससे यात्रियों को वेटिंग से राहत मिलेगी।
उन्होंने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए एक मॉनिटरिंग सेल बनाया गया है। इस सेल के द्वारा हर एक ट्रेन में वेटिंग की निगरानी की जा रही है। क्षमता से अधिक वेटिंग होने पर मॉनिटरिंग सेल ही अतिरिक्त बोगियां लगाने की व्यवस्था करेगा। इन बोगियों की सफाई व नियमित परीक्षण के लिए अतिरिक्त रेलवे कर्मचारियों की तैनाती की गई है।
