Thursday, April 16, 2026
Homeउत्तर प्रदेशखजाने के लालच में पड़ोसी दम्पति ने नाबालिग की दी बलि, पुलिस...

खजाने के लालच में पड़ोसी दम्पति ने नाबालिग की दी बलि, पुलिस ने किया गिरफ्तार

– एसपी धवल जायसवाल ने जघन्य वारदात का किया खुलासा

– तीन टुकड़े कर डिब्बे में छिपाकर रखा था मासूम का शव, घटना से मचा था हड़कंप

चित्रकूट (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जनपद अंतर्गत सीतापुर चौकी क्षेत्र के राघवपुरी मोहल्ले में बीते दिनों हुई लापता दलित किशोर की नृशंस हत्या का सोमवार को पुलिस अधीक्षक ने खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक पड़ोसी दम्पति द्वारा मासूम की हत्या अन्धविश्वास और तंत्र-मंत्र के फेर में पड़कर बलि देकर घर में गड़े खजाने को पाने की लालच में की गई थी।

पुलिस अधीक्षक धवल जायसवाल ने सोमवार को पत्रकारों को बताया कि कोतवाली कर्वी के रामप्रयाग रैदास पुत्र हीरालाल निवासी राघवपुरी वार्ड तीन सीतापुर ने आठ मार्च को सूचना दी थी कि उसका नौ वर्षीय बालक काफी ढूंढने पर नहीं मिल रहा है। परिजनों की तहरीर पर सदर कोतवाली में मामला दर्ज किया गया था। वहीं 12 मार्च को गुमशुदा बालक का शव पड़ोसी भुल्लू वर्मा उर्फ जरैला पुत्र रामऔतार के घर से बरामद हुआ। भुल्लू वर्मा व उसकी पत्नी उर्मिला को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर आलाकत्ल ईंट बरामद की गई।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों ने सख्ती से पूंछताछ में बताया कि दीपावली के समय उसे स्वप्न आया था कि उसके घर में तीन हंडा धन गड़ा है। सम्भावित स्थान पर पूजा-पाठ कर किसी नाबालिग की बलि दी जाये तो धन मिल सकता है। बिना सोच-विचार के अंधविश्वास के चक्कर में पडकर भुल्लू व पत्नी उर्मिला धन के लालच में आकर पड़ोसी व रिश्ते में भाई रामप्रयाग के नौ वर्षीय मासूम बालक कन्हैया को अकेला पाकर ईंट से मारकर लाश को छिपाने की गरज से डिब्बे में भर दिया था। पुलिस के आवागमन से शव ठिकाने नहीं लगा सका। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। पुलिस टीम में कोतवाल कर्वी राजीव कुमार सिंह, चौकी प्रभारी सीतापुर प्रवीण सिंह, सिपाही राजेश कुमार, सोनू, सर्वेश मौर्य, शिवम व महिला सिपाही अनामिका सिंह शामिल रहे।

आपको बता दे कि, चित्रकूट जिले के सीतापुर चौकी अन्तर्गत राघवपुरी मोहल्ले में लापता 09 वर्षीय मासूम कन्हैया की नृशंस हत्या से पूरे जिले में हड़कंप मच गया था। डिब्बे में शव के तीन टुकडों में मिलने से लोगों में भारी आक्रोश था। मासूम की हत्या से आक्रोशित परिजनों और आस पड़ोस के सैकड़ों लोगो ने जमकर हंगामा काट यूपीटी और कपसेठी के पास जाम लगाकर उग्र प्रदर्शन किया था। प्रदर्शन के दौरान लोगो ने पुलिस से नोकझोंक और हाथापाई भी की थी। कई घटों तक नेशनल हाईवे जाम रहने ने यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा था।

रतन

RELATED ARTICLES

Most Popular