कौशाम्बी: दिनदहाड़े युवक की गोली मारकर हत्या, आरोपित फरार

-आपराधिक छवि का बताया जा रहा है मृत युवक 
-72 घण्टे में 3 वारदात, 4 उतरे मौत के घाट 


कौशाम्बी। सरायअकिल थाना क्षेत्र के रसूलपुर टप्पा गांव में रविवार की सुबह युवक की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या के बाद बदमाश तमंचा लहराते हुए फरार हो गए। खुलेआम हुयी वारदात के बाद गांव में हड़कंप मचा हुआ है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक की लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्यवाही शुरू कर दी है। पुलिस की प्राथमिक जांच में हत्या पुरानी रंजिश के कारण हुई है। 
मिली जानकारी के अनुसार रसूलपुर टप्पा गांव में सुबह नितेश (25) पुत्र प्रेम एखलाक के खेत के पास जानवरों को चरा रहा था। तकरीबन 9 बजे गांव के अनिल कुमार, अरविन्द कुमार, सत्यजीत, महेंद्र कुमार, अरुण कुमार, जितेंद्र कुमार, बोग्गा उर्फ़ लम्बू, पुत्रगण रामस्वरूप व् राम स्वरूप पुत्र महादेव एवं अजमत पुत्र मंजूर नितेश के पास पहुंच झगड़ा करने लगे। 
मृतक नितेश की पत्नी ने बताया, झगड़ा होने की जानकारी मिलते ही उसके भतीजे दिलीप कुमार व रंजीत कुमार मौके पर पहुंचे। आरोपित लोगों ने दिलीप व रंजीत को तमंचा लेकर दौड़ा लिया। इसी बीच सत्यजीत ने नितेश की बाई कनपटी पर सटाकर अवैध तमंचे से गोली चला दी। गोली लगने से नितेश की मौके पर मौत हो गई। 
घटना की सूचना पर थाना पुलिस व अफसर मौके पर पहुंच गए है। घटना स्थल का मुआइना कर एसपी ने सरायअकिल पुलिस को जरुरी दिशा निर्देश दिए है। एसपी अभिनंदन ने बताया, घटना दो पक्षों के विवाद के बाद कारित होने की बात सामने आई है। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर आधा दर्जन से अधिक लोगों के विरूद्ध गंभीर धाराओं में मुकदद्मा दर्ज किया गया है। 
मृत नितेश पर दर्ज है गंभीर आपराधिक मुकद्दमे 
रसूलपुर टप्पा गांव का रहने वाला 25 वर्षीय मृत नितेश कुमार कम उम्र में ही अपराध की दुनिया में कदम रख चुका था। पुलिस रिकार्ड में नितेश कुमार के खिलाफ साल 2012-13 बिनैई गांव के रहने वाले दूधिये की हत्या का आरोप लगा था। जून 2020 में पुलिस ने अवैध तमंचा नितेश कुमार से बरामद कर उसे जेल भेजा था। नितेश 6 दिन पहले ही जेल से छूट कर घर आया था। सुबह गांव के आरोपित लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी गई। 
72 घंटे 3 वारदात, 4 मौतें 
जनपद में पिछले 72 घण्टे से अपराध नियंत्रण से बाहर दिखाई पड़ रहा है। शुक्रवार की सुबह कोखराज थाना क्षेत्र में थाने से चंद कदमों की दूरी पर अंग्रेजी व देशी शराब की दूकान के सेल्समैनों की हत्या कर दी गई। पुलिस मामले में हत्या के कारणों का पता नहीं लगा सकी है। शनिवार को रात कोखराज थाना क्षेत्र के तरसौरा गांव में भाई से अपने बड़े भाई को मौत के घाट ईंट से पीट-पीटकर कर उतार दिया। घटना का आरोपित भाई पुलिस की गिरफ्त से दूर बताया जा रहा है। रविवार की सुबह नितेश कुमार की हत्या गोली मारकर गांव के ही लोगों ने कर दी। पुलिस मुकद्दमा दर्ज कर आरोपितों की गिरफ्तारी में लकीर पीट रही है। 

error: Content is protected !!