Friday, September 18, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकोरोना पर जीत हासिल करने के लिए युद्ध पूरी मजबूती से लड़ना...

कोरोना पर जीत हासिल करने के लिए युद्ध पूरी मजबूती से लड़ना जरूरी : योगी आदित्यनाथ

-लखनऊ-कानपुर में बढ़ते मामलों पर वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के जरिए की समीक्षा 
-कहा, संदिग्ध लोगों का 12 घण्टे के अंदर हो एन्टीजन टेस्ट 
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ  ने कोरोना के बढ़ते मामलों के मद्देनजर जनपद लखनऊ तथा कानपुर नगर की चिकित्सा व्यवस्था को सुदृढ़ किए जाने के निर्देश दिए हैं। 
उन्होंने कहा है कि इन जनपदों में मेडिकल टेस्टिंग, काॅन्टैक्ट ट्रेसिंग तथा डोर-टू-डोर सर्वे कार्य को और बेहतर ढंग से संचालित किया जाए। उन्होंने कोविड-19 से बचाव के सम्बन्ध में लोगों को निरन्तर जागरूक किए जाने के निर्देश भी दिए हैं।


मुख्यमंत्री बुधवार को यहां अपने सरकारी आवास पर वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनपद लखनऊ तथा कानपुर नगर में कोरोना के नियंत्रण के सम्बन्ध में की जा रही कार्यवाही की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार लोगों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए कृत संकल्पित है।

कोविड पाॅजिटिव के सम्पर्क में आए लोगों को 24 घण्टे के अंदर किया जाए सर्च 

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि लक्षण की दृष्टि से संदिग्ध पाए गए लोगों का 12 घण्टे के अंदर एन्टीजन टेस्ट सुनिश्चित किया जाए। काॅन्टैक्ट ट्रेसिंग के कार्य को तत्परतापूर्वक संचालित करते हुए कोविड पाॅजिटिव रोगी के सम्पर्क में आए लोगों को 24 घण्टे के अंदर सर्च किया जाए। उन्होंने डोर-टू-डोर सर्वे कार्य को पूरी क्षमता से संचालित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि डोर-टू-डोर सर्वे करने वाली टीम के साथ एक मेडिकल टेस्टिंग टीम भी लगायी जाए। इसके लिए कार्ययोजना बनाकर उसे लागू किया जाए।


केजीएमयू, एसजीपीजीआई और आरएमएलआईएमएस में बेड में किया जाए इजाफा

कोविड चिकित्सालयों में बेड की संख्या बढ़ाने के निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि केजीएमयू, एसजीपीजीआई तथा आरएमएलआईएमएस कोविड मरीजों के लिए बेड की संख्या में वृद्धि करें। इसी प्रकार निजी चिकित्सा संस्थानों में संचालित कोविड अस्पतालों में बेड में वृद्धि के लिए जिला प्रशासन कार्ययोजना बनाकर उसे समयबद्ध ढंग से लागू कराए। वेंटिलेटर तथा एचएनएफसी (हाई फ्लो नेजल कैन्युला) के बेड की संख्या में भी वृद्धि की जाए। उन्होंने कोविड तथा नाॅन कोविड अस्पतालों में ऑक्सीजन के कम से कम 48 घण्टे के बैकअप की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
डीएम-सीएमओ आईसीसीसी में नियमित रूप से करें बैठक

मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना पर जीत हासिल करने के लिए जरूरी है कि इसके साथ युद्ध पूरी मजबूती से लड़ा जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि जिलाधिकारी तथा मुख्य चिकित्साधिकारी सुबह मेडिकल काॅलेज में शाम को इन्टीग्रेटेड कमाण्ड ऐण्ड कण्ट्रोल सेण्टर (आईसीसीसी) में नियमित रूप से बैठक कर गहन समीक्षा करें।
राज्य मुख्यालय स्तर पर की जाए डिजिटल प्लेटफाॅर्म की व्यवस्था

 मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड-19 से बचाव व उपचार के सम्बन्ध में संचालित की जा रही विभिन्न गतिविधियों में तेजी लाने के लिए अतिरिक्त मैनपावर की आवश्यकता का आकलन किया जाए। इसके अनुरूप कार्यवाही करते हुए कार्मिकों की तैनाती की जाए। उन्होंने कहा कि राज्य मुख्यालय स्तर पर एक डिजिटल प्लेटफाॅर्म की व्यवस्था की जाए, जो कोरोना के नियंत्रण के सम्बन्ध में सभी जनपदों के चिकित्सकों से संवाद करे। उन्होंने कोविड मरीजों की गहन माॅनिटरिंग करने, कोविड वाॅर्ड में सीसीटीवी स्थापित करने तथा वरिष्ठ चिकित्सकों द्वारा नियमित राउण्ड लेकर मरीजों को देखे जाने के निर्देश भी दिए। 

RELATED ARTICLES

Most Popular