Sunday, April 19, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकुशीनगर सिपाही हत्याकांड में शामिल पशु तस्कर मुठभेड़ में घायल, गिरफ्तार

कुशीनगर सिपाही हत्याकांड में शामिल पशु तस्कर मुठभेड़ में घायल, गिरफ्तार

कुशीनगर (हि.स.)। जिले के जोकवा में चार दिन पूर्व वाहन चेकिंग के दौरान सिपाही को कुचलकर मार देने वाला पशु तस्कर शनिवार को पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस की गोली से वह घायल है। तस्कर के विरुद्ध कई थानों पर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

तरयासुजान क्षेत्र में पशु तस्कर और पुलिस व स्वॉट की संयुक्त टीम के बीच शनिवार सुबह यह मुठभेड़ हो गई। दोनों ओर से हुई फायरिंग में एक पशु तस्कर के दोनों पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। जबकि दूसरा फरार हो गया। घायल पशु तस्कर को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मौके से एक तमंचा, दो खोखा व कारतूस बरामद किया है।

घायल पशु तस्कर ने बीते बुधवार को तुर्कपट्टी के जोकवाबाजार में चेकिंग के दौरान हाइवे पर वाहन से कुचलकर सिपाही की हत्या की घटना में शामिल होने की बात बताई है। फरार तस्कर की तलाश में टीम कॉबिंग कर रही है।

एसपी धवल जायसवाल ने बताया कि आज सुबह लगभग साढे पांच बजे तरयासुजान, पटहेरवा पुलिस व स्वाट की संयुक्त टीम को मिली सूचना पर तरयासुजान क्षेत्र में झरही पुल के पास हाइवे पर पशु तस्करों की तलाश में थी। इस बीच सलेमगढ़ की तरफ से आए बाइक सवार दो युवकों को देख टीम ने रुकने का इशारा किया। पुलिस देख दोनों तेज गति से बिहार की तरफ भागने लगे। टीम ने पीछा किया तो लतवा चट्टी बाजार से उत्तर की तरफ बड़ी गंडक की ओर बाइक मोड़ दिए।

मठिया खुर्द के पास खुद को घिरा देख तस्करों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की फायरिंग से असलम शाह निवासी काजीपुर थाना पटहेरवा के दोनों पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। जबकि दूसरा खेत के रास्ते फरार हो गया। घायल तस्कर को सीएचसी तरयासुजान ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

एसपी धवल जायसवाल ने बताया कि पकड़े गए अभियुक्त ने घटना में शामिल अन्य तस्करों की भी जानकारी दी है। घायल तस्कर का आपराधिक इतिहास है। फरार तस्कर की तलाश में टीम कांबिंग कर रही है, शीघ्र ही उसे पकड़ लिया जाएगा।

गोपाल

RELATED ARTICLES

Most Popular