Monday, September 28, 2026
Homeउत्तर प्रदेश कुदाल से प्रहार कर बुजुर्ग की हत्या, आरोपित गिरफ्तार

 कुदाल से प्रहार कर बुजुर्ग की हत्या, आरोपित गिरफ्तार

– दूध लेने जा रहे थे तभी दिया घटना को अंजाम

कुशीनगर (हि.स.)। जिले के अहिरौली बाजार थाना क्षेत्र के डुमरी गांव में सोमवार की सुबह दूध लेने जा रहे बुजुर्ग के सिर पर कुदाल से प्रहार कर हत्या कर दी गई। हत्यारोपित पट्टीदार बताया जा रहा है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त कुदाल समेत आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार वह मानसिक रूप से बीमार है। एक साल से घर पर अकेले रह रहा था। परिवार के अन्य सदस्य दिल्ली रहते हैं। मृतक की बहू की तहरीर पर हत्या का मुकदमा पंजीकृत कर पुलिस कार्रवाई में जुटी है।

वासुदेव शर्मा (70) आज सुबह साढ़े पांच बजे गांव में ही दूध लेने जा रहे थे। रास्ते में मुरारी शर्मा (75) ने आवाज देकर दरवाजे पर उन्हें बुलाया। परिजनों के अनुसार, हालचाल पूछा और बगल में रखी चारपाई पर बैठने को कहा। वासुदेव के बैठते ही मुरारी अंदर गया और हाथ में कुदाल लेकर लौटा। वासुदेव कुछ समझ पाते इससे पहले उसने उनके सिर पर प्रहार कर दिया, जिससे वे जमीन पर गिर पड़े। गिरने के बाद भी आरोपित ने उनके पेट पर कुदाल से कई प्रहार किए, जिससे मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई। अचानक आवाज सुनकर आसपास के लोग मौ पर पहुंकेचे तो उन्हें घटना की जानकारी हुई। घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई। मृतक के परिजन घटनास्थल पर पहुंचे तो खून से लथपथ शव देख सन्न रह गए।

एसएचओ पंकज कुमार गुप्त ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। उच्चाधिकारियों को घटना की जानकारी दी। सीओ कसया पीयूषकांत राय ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, इस दौरान आरोपित के बरामदे से खून सनी कुदाल बरामद कर ली गई। वहीं गांव के बाहर बगीचे में छिपे हत्यारोपित को भी पकड़ लिया गया। उसने स्वीकारा कि मैंने हत्या की है। सीओ ने बताया कि मृतक वासुदेव के पास काफी खेती योग्य भूमि है, इसलिए हत्यारोपी उससे जलन रखता था। वहीं पूछताछ में गांव के लोगों ने बताया कि आरोपित एक वर्ष से घर पर अकेले रहता था। पत्नी की मृत्यु पहले ही हो चुकी है। वहींं बेटे-बहू और दूसरे सदस्य दिल्ली में रहते हैं। हालांकि की हत्यारोपित मानसिक रूप से बीमार बताया जा रहा, दिल्ली से उसका उपचार चल रहा था।

सीओ ने जानकारी दी कि मृतक वासुदेव के तीन बेटों में दो की मृत्यु हो चुकी है। वो छोटे बेटे अशोक के साथ रहते थे। अशोक इन दिनों दिल्ली में नौकरी करता है। मृतक की बहू रीना की तहरीर पर हत्या का मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। वहीं घटना की जानकारी पर मृतक के घर पहुंचे विधायक मोहन वर्मा ने परिजनों को ढांढस बंधाया।

गोपाल

RELATED ARTICLES

Most Popular