Friday, September 11, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकिसान बिल और रोजगार को लेकर आजाद समाज पार्टी ने निकाला जुलूस

किसान बिल और रोजगार को लेकर आजाद समाज पार्टी ने निकाला जुलूस

कानपुर (हि.स.)। किसान बिल, रोजगार और अपराध को लेकर समाजवादी पार्टी द्वारा सरकार के खिलाफ किये गये विरोध प्रदर्शन के बाद अब आजाद समाज पार्टी और भीम आर्मी भी सड़क पर आ गयी है। गुरुवार को दोनों संगठनों के कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकाल सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पार्टी पदाधिकारियों ने मांग की कि इस समय युवा पूरी तरह से बेरोजगार हो रहा है और किसान बिल से किसानों की और मुसीबतें बढ़ने वाली हैं। जुलूस और विरोध प्रदर्शन के बाद दोनों संगठनों के पदाधिकारियों ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा। 

आजाद समाज पार्टी व भीम आर्मी के बैनर तले संगठन के पदाधिकारियों ने गुरुवार को भारी संख्या में एकजुट होकर सरकार विरोधी नीतियों के खिलाफ कचहरी के कौशिक पार्क से कलेक्ट्रेट तक जुलूस निकालकर नारेबाजी की। इसके साथ ही राज्यपाल आनंदी बेन पटेल को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर सिटी मजिस्ट्रेट को हिमांशु गुप्ता को सौंपा गया। पदाधिकारियों का कहना है कि जिस तरीके से सरकार निजीकरण, किसान विरोधी बिल वा युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है उससे युवा और किसान आंदोलित हो चुका है। कहा गया कि सरकार की नीतियों के चलते देश की जीडीपी मार्च माह से पहले ही गिर गयी थी और वैश्विक महामारी में तो पूरी तरह से धड़ाम होती जा रही है। इसी के चलते कोरोना काल में लोगों की नौकरियां बराबर जा रही हैं। यही नहीं व्यापार भी पूरी तरीके से धरासाई हो चुका है। ऐसे में सरकार की यह नीतियां पूरी तरीके से युवाओं के साथ धोखा करने वाली हैं। भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष कौशल बाल्मीकि ने कहा कि देश का युवाओं और किसानों में सरकार के प्रति जबरदस्त रोष है और सरकार इस रोष को दफन करने पर तुली हुई है। उन्होंने कहा कि आज हम सभी ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की है कि निजीकरण व किसान बिल को तत्काल प्रभाव से रोका जाए, रोजगार की बात को आगे से आगे सोचा जाए। आए दिन दलितों पर हो रहे उत्पीड़न पर कड़ी से कड़ी कार्यवाही की जाए। वहीं इसके बावजूद भी हमारी मांगें नहीं मानी गईं तो आगे आंदोलन बड़े स्तर पर किया जाएगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular