Monday, August 24, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकिन्नर समाज खुलकर समाजवादी पार्टी के साथ,अखिलेश मुख्यमंत्री बनें, यही तमन्ना: सलमान...

किन्नर समाज खुलकर समाजवादी पार्टी के साथ,अखिलेश मुख्यमंत्री बनें, यही तमन्ना: सलमान किन्नर

वाराणसी (हि.स.)। यूपी विधानसभा चुनाव 2022 में पूरा किन्नर समाज समाजवादी पार्टी के साथ है। पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने की तमन्ना के साथ किन्नर समाज तब तक परिश्रम करता रहेगा जब तक भाजपा की विदाई न हो जाए। रविवार को ये बातें किन्नर समाज के नेता सलमान किन्नर ने पराड़कर भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में कही।

सलमान किन्नर ने दावा किया कि अखिलेश यादव ही 2022 में प्रदेश के मुख्यमंत्री बनेंगे। प्राचीन नगरी काशी से किन्नर समाज का आशीर्वाद अखिलेश यादव के साथ है। सपा की नीति,विचार जनता के प्रति और किन्नर समाज के प्रति बहुत अच्छा है। हमारा समाज समाजवादी पार्टी की नीतियों को बहुत पसंद करता है । सलमान ने कहा कि उत्तर प्रदेश में फिलहाल 10 लाख किन्नर है। किन्नर नेता ने कहा कि हमें तो राम जी से आशीर्वाद प्राप्त हुआ है । मगर हम अखिलेश यादव को आशीर्वाद देते हैं, पूरा किन्नर समाज आशीर्वाद देता है कि वह दोबारा उत्तर प्रदेश के सीएम बने। हमें भरोसा है कि उनको जनता से बहुत प्यार है किन्नर समाज से बहुत प्यार है ।

वार्ता में रोशनी किन्नर, शहनाज किन्नर, छोटी किन्नर, सोनाली किन्नर ने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। संयुक्त रूप से कहा कि भाजपा सरकार का ‘झूठ का फूल, लूट का फूल’ बन गया है। इससे चौबीसों घंटे जनता को ठगा जा रहा है। किसान, नौजवान, गरीब, व्यापारी सभी परेशान है। अपराधियों को खुली छूट है और प्रशासन तंत्र कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पंगु साबित हो रहा है। किन्नरों ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं की जिंदगी सर्वाधिक असुरक्षित है।

भाजपा ने प्रदेश को बर्बादी और बदनामी में ढकेल दिया है, जनता अब उससे मुक्ति चाहती है। सन् 2022 के विधान सभा चुनावों में भाजपा को हर हाल में सत्ता से बाहर हो जाना है। जनता ने तय कर लिया है कि अब वह भाजपा के किसी झांसे में नहीं आएगी। वह भाजपा को हराएगी और समाजवादी पार्टी को सत्ता में बिठाएगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular