Sunday, May 3, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकानपुर : लूटपाट कर महिला ज्योतिषाचार्य की अपार्टमेंट में हत्या कर कातिल...

कानपुर : लूटपाट कर महिला ज्योतिषाचार्य की अपार्टमेंट में हत्या कर कातिल फरार

हत्यारे नौकरानी को बंधक बनाकर लूटपाट के बाद हुए फरार, पुलिस की टीमें जांच में जुटी

कानपुर (हि.स.)। जनपद के वीआईपी इलाके स्वरूप नगर थाना अंतर्गत एक अपार्टमेंट में ज्योतिषाचार्य महिला की हत्या कर दी गई। हत्या की जानकारी जैसे ही अपार्टमेंट में रहने वालों को हुई तो सनसनी फैल गई। कातिलों ने महिला की हत्या करने के साथ ही नौकरानी को बंधक बना दिया था। हत्या की वारदात के दौरान लूटपाट भी करने की बात कही जा रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फॉरेंसिक टीम व आला अधिकारियों के साथ साक्ष्य जुटाते हुए घटना के खुलासे में जुट गई है।

स्वरूपनगर थानाक्षेत्र में आने वाले कॉनकोर्ड अपार्टमेंट में सुबह उस वक्त हड़कम्प मच गया जब पर फ्लैट नंबर 307 में 68 वर्षीय मधु कपूर अकेले रहती थी। ज्योतिषाचार्य के साथ नौकरानी सावित्री रहती है। बंधक नौकरानी ने आज सुबह जब आवाज दी तो चौथी मंजिल पर फ्लैट नंबर 407 में रहने वाली ज्योतिषाचार्य की बेटी नीरू टंडन दरवाजा खोलने पहुंची। दरवाजा खोलने पर वह अंदर दाखिल हुई तो उनके पांव से जमीन सिखक गई। मां का रक्तरंजित शव कमरे में हाथ पांव बंधा पड़ा था।

उसने हाथ बंधे नौकरानी को खोला और पूरा मामला पूछा तो उसने बताया कि सोमवार रात बदमाश फ्लैट पहुंचे और ड्राइवर बताकर गेट खुलवाया। अंदर दाखिल होते ही उसे बंधक बनाकर बाथरूम में बंद कर दिया और लूटपाट करने लगे। ज्योतिषाचार्य मधु ने जब इसका विरोध किया, तो बदमाशों ने मारपीट के बाद उनकी गला दबाकर हत्या कर दी। उसके बाद नगदी व जेवरात लेकर फरार हो गए। अपार्टमेंट में रहने वालों को उनकी हत्या की जानकारी मिलते ही सनसनी फैल गई।

सूचना मिलने पर स्वरूप नगर थाना पुलिस के साथ एडीसीपी पश्चिम बृजेश कुमार श्रीवास्तव, एसीपी बृजनारायण सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और छानबीन शुरू की। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को बुलाकर जांच पड़ताल करते हुए साक्ष्य जुटाए। एडीसीपी ने बताया कि घटना को लेकर नौकरानी से पूछताछ व अपार्टमेंट में लगे सीसीटीवी फुटैज खंगालते हुए कातिलों को पता लगाया जा रहा है। कुछ संदिग्ध लोग फुटैज में आए हैं, उनके बारे में जानकारी जुटाते हुए पुलिस की टीमों को खुलासा करने के लिए लगा दिया गया है।

महमूद/मोहित

RELATED ARTICLES

Most Popular