Thursday, April 16, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकानपुर में प्रशासन और पुलिस की निगरानी में शांतिपूर्ण अदा हुई जुमे...

कानपुर में प्रशासन और पुलिस की निगरानी में शांतिपूर्ण अदा हुई जुमे की नमाज

– शहर में अमन चैन की बराबर अपील करते रहे धर्म गुरु

कानपुर (हि.स.)। तीन जून को हुई जुमे की नमाज के बाद हुए बवाल को किसी भी सूरत में पुलिस दोहराते देखना नहीं चाहती थी। इसीलिए शुक्रवार को होने वाले जुमे की नमाज से एक दिन पहले ही तैयारियां पूरी कर ली गई थी। सुबह से ही सभी मस्जिदों के बाहर सुरक्षा बल तैनात हो गया था और आलाधिकारी बराबर मानिटरिंग करते रहे। वहीं, धर्म गुरु भी बराबर नमाजियों से शहर में अमन चैन बरकरार रखने की अपील करते रहे और शांतिपूर्ण नमाज अदा हो गई।

बेकनगंज में तीन जून को हुई जुमे की नमाज के बाद बवाल हो गया था और देश भर में कानपुर की हिंसा चर्चा का विषय बन गया। इसके बाद प्रशासन और पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई शुरु की। मामले की अभी जांच ही चल रही थी कि फिर शुक्रवार को जुमे की नमाज आ गई। इसको लेकर अबकी बार प्रशासन और पुलिस ने पूरा होमवर्क कर लिया था। एक दिन पहले ही मॉकड्रिल से लेकर फ्लैग मार्च किया गया। करीब डेढ़ जगहों को चिन्हित करके बैरिकेटिंग की गई थी। धर्म गुरुओं को भी पुलिस ने साथ लिया। इसके बाद शुक्रवार को जुमे की नमाज विभिन्न मस्जिदों में भारी सुरक्षा के बीच शुरु हुई। प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के ऐसे बंदोबस्त किया था कि कोई भी व्यक्ति उपद्रव करने की तो दूर एक जगह एकत्र होकर बातचीत नहीं करना चाहते थे। प्रशासन और पुलिस के अधिकारी बराबर गश्त करते हुए मानिटरिंग करते रहे और धर्म गुरु भी शहर में अमन चैन बरकरार रखने के लिए नमाजियों से अपील करते रहे।

शांतिपूर्ण संपन्न हुई नमाज

कड़ी सुरक्षा के बीच यतीमखाना मस्जिद में जुमे की नमाज अदा कर नमाजी अपने-अपने घर को हुए रवाना। शुक्रवार के चलते पुलिस प्रशासन ने आरएएफ और सिविल पुलिस के जवानों की भारी मात्रा में तैनात कर रखा था। सभी प्रमुख चौराहों पर ड्रोन से निगरानी की जा रही थी। साथ-साथ बहुमंजिला इमारतों के ऊपर पुलिसकर्मी दूरबीन के माध्यम से भी चप्पे-चप्पे पर नजर रखे हुए थे।

शहर काजी मुफ्ती साकिब अदीब मिस्बाही ने बताया कि शांतिपूर्ण ढंग से नमाज अदा कर लोग अपने-अपने घरों के लिए रवाना हो गए हैं। वह अपने कामों में लग गए हैं। मीडिया के माध्यम से यह अपील करना चाहता हूं कि किसी भी रूप में किसी भी अफवाह पर ध्यान ना दिया जाए।

पुलिस आयुक्त विजय सिंह मीना ने बताया कि शांतिपूर्ण ढंग से जुमे की नमाज अदा हो गई है।

जिलाधिकारी विशाख जी अय्यर ने बताया कि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई है। प्रयास रहेगा कि इसी तरह का माहौल आगे भी बना रहे।

महमूद/मोहित

RELATED ARTICLES

Most Popular