Tuesday, June 23, 2026
Homeउत्तर प्रदेश कानपुर न्यायालय में पेशी पर पहुंचे सपा विधायक इरफान

 कानपुर न्यायालय में पेशी पर पहुंचे सपा विधायक इरफान

कानपुर (हि.स.)। महिला का घर फूंकने के मामले में गुरुवार को कानपुर न्यायालय में पेशी के लिए सपा विधायक इरफान सोलंकी पहुंचे। मामले की सुनवाई एमपी-एमएलए कोर्ट में विशेष न्यायाधीश सत्येंद्रनाथ त्रिपाठी सुनवाई करेंगे। इस दौरान सुरक्षा के मद्देनजर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

गत सोमवार को इरफान की पेशी हुई थी, लेकिन अधिवक्ताओं के न्यायिक कार्य बहिष्कार के चलते वादिनी नजीर की बेटी कनीज की गवाही नहीं हो सकी थी। गुरुवार को कनीज की गवाही होनी है। एफआईआर लेखक की गवाही हो चुकी है।

हाईकोर्ट के आदेश पर आगजनी मामले में 6 माह में न्यायालय को निर्णय देना है। आरोप तय होने के बाद मामले में रेगुलर सुनवाई शुरू हो गई है। तीन तारीखें पड़ चुकी हैं, लेकिन मुख्य वादिनी नजीर फातिमा ने अभी तक कोर्ट में गवाही नहीं दी है। न्यायालय में मुख्य वादिनी के बीमार होने का हवाला दिया गया है।

सपा विधायक इरफान सोलंकी के अधिवक्ता गौरव दीक्षित ने बताया कि विधायक व उनके भाई रिजवान पर आगजनी का आरोप लगाने वाली नजीर फातिमा और उनकी बेटी पर इरफान की पत्नी ने फर्जी आईडी पर सिम लेने का आरोप लगाया है। इरफान की पत्नी नसीम ने एक पत्र पुलिस कमिश्नर को देकर नजीर, उसकी बेटी कनीज व दामाद तबरेज के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की है।

पेशी को लेकर न्यायालय में भारी पुलिस बल तैनात करते हुए कचहरी परिसर को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। पुलिस महाराजगंज जेल से सपा विधायक इरफान सोलंकी को कड़ी सुरक्षा के बीच गुरुवार सुबह लगभग दस बजे लेकर कानपुर पहुंची है।

राम बहादुर

RELATED ARTICLES

Most Popular