Wednesday, May 27, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकानपुर : डिवाइडर से टकराकर अनियंत्रित जीप पलटी, हादसे में महिला की...

कानपुर : डिवाइडर से टकराकर अनियंत्रित जीप पलटी, हादसे में महिला की मौत छह घायल

कानपुर (हि.स.)। अर्मापुर थाना क्षेत्र स्थित कालपी रोड पर शुक्रवार को अनियंत्रित जीप डिवाइडर से टकराते हुए बिजली के खम्भे से टकराकर पलट गया। हादसे में जीप चालक की पत्नी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उसमें सवार छह लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को निकालते हुए अस्पताल इलाज के लिए पहुंचाया। वहीं, मृतक महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम भेजते हुए कार्रवाई की।

काकादेव इलाके में रहने वाले राजू शुक्रवार सुबह पारिवारिक शुद्धि संस्कार करने को परिवार के साथ अर्मापुर नहर गए थे।नहर में शुद्धि संस्कार की विधि पूरी होने के बाद वह जीप से वापस घर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी जीप कालपी रोड स्मॉल आर्म्स फैक्ट्री के पास पहुंची तभी अनियंत्रित होकर उनकी जीप साइकिल वे के लिए सड़क पर लगे ग्रिल से टकरा गई। रफ्तार अधिक होने के चलते ग्रिल से टकराने के बाद जीप बिजली के पोल से टकराते हुए पलट गई। हादसे के बाद अंदर बैठे लोगों में चीख-पुकार मच गई और राहगीर दौड़कर मौके पर पहुंचे। राहगीरों ने जीप में फंसे सभी घायलों को बाहर निकाला। लेकिन इस हादसे में गाड़ी की बॉडी के नीचे आ जाने से जीप चालक राजू की पत्नी पिंकी (32) की दबकर मौत हो गई।

घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल जीप चालक राजू के साथ मुन्नी देवी, साहिल, रूही, शिखा, आदित्य को हैलट अस्पताल में भर्ती कराया है। अस्पताल में डाक्टरों के मुताबिक, घायलों में आदित्य व शिखा की हालत नाजुक बनी हुई है।

अर्मापुर थाना प्रभारी शिवचरण लाल ने बताया कि एक जीप के पलटने से उसमें सवार छह लोग घायल हो गए थे। घायलों को हैलट अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। घटना की जानकारी उनके परिजनों को देते हुए मृतक महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

महमूद

RELATED ARTICLES

Most Popular