Friday, September 11, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकानपुर के सौहार्द में सीसीटीवी और ड्रोन कैमरें बने 'सारथी'

कानपुर के सौहार्द में सीसीटीवी और ड्रोन कैमरें बने ‘सारथी’

– सकुशल अदा हुई जुमे की नमाज, प्रशासन और पुलिस ने ली राहत की सांस

कानपुर(हि.स.)। कानपुर हिंसा के बाद जुमे की नमाज सकुशल अदा कराना पुलिस और प्रशासन के लिए चुनौती थी। पुलिस और प्रशासन ने चुनौती को स्वीकार करते हुए चहुंओर रणनीति अपनाई। इसमें सीसीटीवी और ड्रोन कैमरे ‘सारथी’ साबित हुए और लगातार दो बार से सकुशल जुमे की नमाज अदा हो सकी।

कानपुर में जुमे की नमाज कमिश्नरेट पुलिस की चाक चौबन्द बंदोबस्त व्यवस्था के बीच अदा हुई। नमाज को लेकर प्रशासन काफी चुस्त और दुरुस्त दिखाई दिया जिसके चलते संवेदनशील इलाकों में चप्पे-चप्पे पर पुलिस फोर्स तैनात रहा। चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरे को भी पूरी तरह से प्रयोग किया गया। इसके साथ ही ड्रोन कैमरों के अलावा ऊंची इमारतों पर पुलिसकर्मी दूरबीन से नजर बनाये हुए थे। पुलिसकर्मी घरों की छतों पर तैनात रहे।

सुरक्षा की दृष्टि से उत्तर प्रदेश पुलिस के साथ-साथ नौ कंपनी पीएसी, आरएएफ को तैनात किया गया था। इससे कानपुर का सौहार्द बना रहा और नमाज अदा होने के बाद मस्जिदों से निकलने वाले नमाजी अमन चैन की दुआ करते दिखे। नानपारा मस्जिद में आपसी प्रेम और भाईचारा बनाने के लिए अल्पसंख्यक महासभा ने मस्जिद से निकलने वाले नमाजियों को फूल देकर उनसे अमन की अपील की।

पुलिस आयुक्त विजय सिंह मीना, ज्वाइंट सीपी आनंद प्रकाश तिवारी, डीसीपी पूर्वी प्रमोद कुमार, जिलाधिकारी विशाख जी अय्यर, एडीसीपी राहुल मिठास आज सुबह से ही संवेदनशील इलाकों व हिंसा क्षेत्र बेकनगंज अंतरर्गत लगातार गश्त व ड्रोन से नजर बनाए रहें। जुमे की नमाज सकुशल सम्पन्न होने पर अधिकारियों ने हिन्दू व मुस्लिम समाज की एकता व सौहार्द का प्रतीक बताया।

अजय/मोहित

RELATED ARTICLES

Most Popular