– 31 जनवरी है आवेदन की अंतिम तारीख
– परिणाम आने से पहले एमबीए के सभी छात्रों का हुआ
कानपुर (हि.स.)। आईआईटी कानपुर अकादमिक वर्ष 2022-2023 के लिए मास्टर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (एमबीए) कार्यक्रम के लिए आवेदन आमंत्रित कर रहा है। आवेदन के लिए 31 जनवरी अंतिम तारीख है और हाल ही में एमबीए कर रहे छात्रों का शत प्रतिशत प्लेसमेंट हो चुका है जबकि अभी उनका परिणाम भी नहीं आया है। बताया गया कि इस बार एमबीए के सालाना औसत पैकेज में 22.5 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
एमबीए प्रोग्राम आईआईटी कानपुर में औद्योगिक और प्रबंधन इंजीनियरिंग विभाग (आईएमई) के अंतर्गत आता है। 1974 में स्थापित आईएमई विभाग प्रबंधन शिक्षा के साथ इंजीनियरों के प्रशिक्षण के संयोजन की क्षमता को पहचानने वाला देश का पहला विभाग है। ऐसी दृष्टि के साथ 2001 में एमबीए कार्यक्रम शुरू किया गया था और इसकी स्थापना के बाद से कार्यक्रम ने कई मील के पत्थर पार कर लिए हैं।
पिछले साल एमबीए आईआईटी कानपुर को एनआईआरएफ इंडिया रैंकिंग 2021 मैनेजमेंट कैटेगरी में 16वां स्थान मिला था। इस साल शुरुआत में ही प्लेसमेंट के दौरान दर्ज किए गए रिकॉर्ड प्लेसमेंट नंबर आईआईटी कानपुर के एमबीए प्रोग्राम में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और प्रशिक्षण की समृद्ध विरासत की गवाही देते हैं। शत प्रतिशत प्लेसमेंट के बाद अब नये सत्र के लिए आईआईटी ने एमबीए पाठ्यक्रम को लेकर ऑनलाइन आवेदन जारी कर दिया है। 31 जनवरी तक आईआईटी में एमबीए की पढ़ाई के लिए छात्र आवेदन कर सकते हैं।
अजय
