Tuesday, April 21, 2026
Homeउत्तर प्रदेशउत्तर प्रदेश में फिर बनेगी भाजपा सरकार : स्मृति ईरानी

उत्तर प्रदेश में फिर बनेगी भाजपा सरकार : स्मृति ईरानी

मेरठ (हि.स.)। भाजपा की वरिष्ठ नेता और केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में फिर से भाजपा की सरकार बनेगी। जनता का प्यार फिर से भाजपा को मिलेगा और विपक्ष को निराशा हाथ लगेगी। सपा पर प्रहार करते हुए उन्होंने कहा कि 38 से ज्यादा अपराधियों को टिकट देने वाली सपा किस मुंह से महिला सुरक्षा की बात करती है और उससे महिला सुरक्षा की क्या उम्मीद है। जबकि भाजपा बेटी को लक्ष्मी का दर्जा देती है। लक्ष्मी भी कमल पर बैठकर आती हैं।

स्मृति ईरानी शनिवार को मेरठ में चुनाव प्रचार के लिए पहुंचीं। मेरठ कैंट सीट से भाजपा प्रत्याशी अमित अग्रवाल के पक्ष में केंद्रीय मंत्री ने होटल डीरोज में प्रभावी मतदाता संवाद कार्यक्रम में भाग लिया। इसके साथ ही रजबन बाजार में घर-घर संपर्क अभियान में भाग लिया। प्रभावी मतदाता संवाद में स्मृति ईरानी ने कहा कि भाजपा सरकारों ने उत्तर प्रदेश को विकास के पथ पर अग्रसर किया है। ऐसा कोई क्षेत्र नहीं बचा है, जिसका विकास न हुआ हो। बिना किसी भेदभाव के लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिया गया। अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि 2017 में सपा सरकार अपराध की वजह से ही गई थी। इस बार फिर से 38 अपराधियों को टिकट दिए गए हैं। मेरठ में सपा नेता देख लेने की धमकी दे रहे हैं। अब चुनाव में जनता उसे देख लेगी। पांडवों का शौर्य देखने वाली मेरठ की धरती के लोगों को सपा नेता धमका रहा है। उन्होंने कहा कि अखिलेश के पिता भी कहते हैं कि लड़कों से गलती हो जाती है। इन अपराधों की सजा जनता देती है। अब तक रामराज के खिलाफ रहने वालों के सपने में भगवान श्रीकृष्ण आ रहे हैं। राम का अस्तित्व नकारने वाले अब मंदिर-मंदिर जा रहे हैं।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कोरोना काल में लोगों का जीवन और जीविका बचाने का काम भाजपा सरकारों ने किया। देश के 80 करोड़ लोगों को अनाज दिया गया। राहुल पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि देश में कम और विदेश में अधिक रहने वाले जनता का क्या काम करेंगे। कोरोना काल में कांग्रेस नेता घर से नहीं निकले।

इसके बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में केंद्रीय मंत्री ईरानी ने कहा कि इस धरती पर बहनों की लाज बचाने के लिए भाई मारे गए। अगर गलत वोट पड़ा तो सभी को पाप लगेगा। महिला संरक्षण के लिए, बुल्डोजर चलने के लिए, हर जिले में मेडिकल कॉलेज खोलने के लिए भाजपा को वोट दीजिए। बेटियां सांझ ढले घर आएं, उसके लिए वोट दें। उन्होंने कहा कि सपा-बसपा की सरकारों को सभी ने देखा है। भाजपा सरकार में विकास हुआ है और जनता फिर से विकास करने वाली सरकार बनाएगी। भाजपा सरकार में अपराधी सीधे जेल जाएगा। माफिया की संपत्ति पर बुल्डोजर चल रहा है। जनता सब जानती है।

केंद्रीय मंत्री ने इसके बाद मेरठ कैंट क्षेत्र के रजबन बाजार में घर-घर जनसंपर्क अभियान के तहत लोगों से वोट मांगे। स्मृति ईरानी को देखने के लिए महिलाओं और बच्चों की भीड़ लग गई। बुजुर्ग महिलाओं ने स्मृति को आशीष दिया तो केंद्रीय मंत्री ने भी उनसे वोट देने की अपील की।

कुलदीप/पवन

RELATED ARTICLES

Most Popular