Tuesday, September 22, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकांग्रेस अपनी ही नेता को नहीं दिला पा रही है न्याय

कांग्रेस अपनी ही नेता को नहीं दिला पा रही है न्याय

अमेठी (हि.स.)। लड़की हूं लड़ सकती हूं का नारा देने वाली कांग्रेस पार्टी और प्रियंका गांधी सहित राहुल गांधी भले ही न्याय यात्रा लेकर पूरे देश में घूम रहे हैं। लेकिन उनके अपने ही संगठन (यूथ कांग्रेस) की प्रदेश उपाध्यक्ष निवेदिता सिंह को न्याय नहीं मिल पा रहा है। यूथ कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष को अमेठी जिले के यूथ कांग्रेस के ऊपर भरी बैठक में जिलाध्यक्ष शुभम सिंह के द्वारा सार्वजनिक रूप से अपमानजनक टिप्पणी की गई। जिससे आहत होकर प्रदेश उपाध्यक्ष निवेदिता सिंह ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को पत्र लिखा है।

2 दिन पूर्व अमेठी जनपद मुख्यालय गौरीगंज स्थित कांग्रेस पार्टी के केंद्रीय कार्यालय पर उत्तर प्रदेश यूथ कांग्रेस मध्य जोन के प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक थी। जिसमें यूथ कांग्रेस के अमेठी जिलाध्यक्ष शुभम सिंह द्वारा अपने प्रदेश उपाध्यक्ष निवेदिता सिंह पर सार्वजनिक रूप से अपमानजनक टिप्पणी की गई। हालांकि जिलाध्यक्ष द्वारा टिप्पणी क्या की गई इस बात की जानकारी किसी के द्वारा सार्वजनिक नहीं की गई है। लेकिन यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष के इस व्यवहार पर प्रदेश उपाध्यक्ष निवेदिता सिंह ने अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष को पत्र लिखकर सेंट्रल यूपी यूथ कांग्रेस ऑफिशियल के व्हाट्सएप ग्रुप पर भेज दिया है।

उन्होंने लिखा है कि आज हमारे नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी जहां एक और महिलाओं के हक की आवाज, महिला न्याय, महिला सशक्तिकरण की बात कर रहे हैं। समाज के हर क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी को बढ़ाने की बात कर रहे हैं। वहीं पर यूथ कांग्रेस के अमेठी जिलाध्यक्ष द्वारा सार्वजनिक रूप से मेरे लिए अपमानजनक टिप्पणी की गई है। इससे आहत होकर उन्होंने आगे लिखा है कि ऐसी स्थिति में भविष्य में मेरा किसी भी बैठक में,कार्यक्रम में अपनी भागीदारी रखना मुश्किल होगा। मैं आजीवन बिना किसी पद के काम करना पसंद करूंगी पर अपमान सहकर काम करना मुश्किल होगा। मैं एक महिला हूं और इस पुरुषवादी समाज में महिलाओं के लिए काम करना वैसे भी काफी संघर्षपूर्ण है। फिर भी मैं भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की विचारधाराओं से प्रभावित होकर राजनीति कर रही हूं। ऐसी ही स्थिति बनी रही तो मेरे लिए संगठन में काम करना मुश्किल होगा।

यूथ कांग्रेस के अमेठी जिलाध्यक्ष शुभम सिंह के मनमाने पूर्ण रवैये के चलते दो दिन पहले यूथ कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष आकर्ष शुक्ल ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था और अब प्रदेश उपाध्यक्ष निवेदिता सिंह का यह पत्र सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा है।

लोकेश त्रिपाठी/राजेश

RELATED ARTICLES

Most Popular