Thursday, May 28, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकड़ी सुरक्षा के बीच गालंद में डंपिंग ग्राउंड की बाउंड्री वॉल का...

कड़ी सुरक्षा के बीच गालंद में डंपिंग ग्राउंड की बाउंड्री वॉल का कार्य

गाजियाबाद (हि.स.)। नगर निगम ने मंगलवार को पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में 44 एकड़ भूमि पर गालंद में बाउंड्री वॉल का कार्य शुरू करा दिया। नगर निगम के अधिकारी आज भारी पुलिस बल के साथ गालंद पहुंचे और वहां पर निर्माण कार्य शुरू करा दिया।

नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि गाजियाबाद नगर निगम संपत्ति विभाग द्वारा भूमि को चिन्हित करने का कार्य कराया गया था। उसके बाद निर्माण विभाग के अधिकारियों द्वारा मौके पर गाजियाबाद नगर निगम की भूमि का घेराव चारदीवारी कर कराने का कार्य शुरू किया गया। उन्होंने बताया कि लगभग डेढ़ सौ मीटर भूमि पर बाउंड्री वॉल का कार्य पूर्ण कर दिया गया है। 6 से 7 दिनों में भूमि पर पूर्ण रूप से गाजियाबाद नगर निगम द्वारा बाउंड्री वॉल का कार्य खत्म कर दिया जाएगा। आपको बता दें गालंद में डंपिंग ग्राउंड का स्थानीय लोग विरोध कर रहे है। पिछले दिनों धौलाना विधायक असलम चौधरी ने वहां दिए जा रहे धरने पर विवादित बयान दिया था। जिसके चलते महापौर आशा शर्मा ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर दखल देने की अपील की थी।

मुख्य अभियंता निर्माण एनके चौधरी द्वारा बताया गया कि ना केवल गालंद में बाउंड्री वॉल का कार्य प्रारंभ हुआ है बल्कि गाजियाबाद नगर निगम द्वारा शहर में भी अवैध अतिक्रमण से मुक्त हुई भूमि पर बाउंड्री वॉल का कार्य तेजी से कराया जा रहा है।

RELATED ARTICLES

Most Popular