Sunday, April 19, 2026
Homeव्यापार एयर इंडिया को इस साल के अंत तक एयरबस कंपनी विमानों की...

 एयर इंडिया को इस साल के अंत तक एयरबस कंपनी विमानों की डिलीवरी करेगी

– विस्तारा एयरलाइन के साथ एकीकरण की प्रक्रिया में सीसीआई से मंजूरी का इंतजार

नई दिल्ली (हि.स.)। एयर इंडिया के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) कैंपबेल विल्सन ने सोमवार को कहा कि निजी क्षेत्र की विमानन कंपनी एयर इंडिया को एयरबस कंपनी इस साल के अंत तक एयरबस विमानों की डिलीवरी भी शुरू कर देगी। इसके अलावा विस्तारा एयरलाइन के साथ एयर इंडिया के एकीकरण की प्रक्रिया चल रही है और अब इस मामले में भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (सीसीआई) से मंजूरी का इंतजार है।

सीईओ कैंपबेल विल्सन ने वर्चुअल तरीके से मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि एयर इंडिया ने एयरबस और बोइंग को 470 विमानों का ऑर्डर दिया है, जिसकी वैल्यू 70 अरब डॉलर (5.8 लाख करोड़ रुपये) है। उन्होंने कहा कि एयर इंडिया में व्यापक संभावनाएं हैं। एयर इंडिया के साथ विस्तारा के एकीकरण की प्रक्रिया चल रही है। विल्सन ने कहा कि अब भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (सीसीआई) से मंजूरी का इंतजार है।

उन्होंने बताया कि इसके साथ ही एयर इंडिया एक्सप्रेस और एआईएक्स कनेक्ट (पूर्व में एयरएशिया इंडिया) के एकीकरण की प्रक्रिया चल रही है। एयर इंडिया के सीईओ ने कहा कि समूह को एक महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय एयरलाइन बनाने के प्रयास जारी हैं। विल्सन ने कहा कि इसका वित्तपोषण विभिन्न स्रोतों से किया जाएगा। हालांकि, उन्होंने कहा कि 370 और विमानों को खरीदने के विकल्प के लिए कोई समय-सीमा तय नहीं है। हम बाजार का आकलन करेंगे और उसके बाद ही इस बारे में कोई कदम उठाया जाएगा।

टाटा समूह ने पिछले साल जनवरी में सार्वजनिक क्षेत्र की विमानन कंपनी एयर इंडिया का अधिग्रहण किया था। समूह ने 18000 करोड़ रुपये में इसे टेकओवर कर लिया था। एयर इंडिया ने 14 फरवरी को 470 विमानों के ऑर्डर देने की घोषणा की थी, जिसमें 70 बड़े आकार के विमान हैं। इससे पहले कैंपबेल विल्सन ने कहा था कि एयर इंडिया अगले 5 साल में घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों रूट पर मार्केट शेयर को 30 फीसदी तक बढ़ाना चाहती है।

प्रजेश/सुनीत

RELATED ARTICLES

Most Popular