—भाजपा के सुदामा पटेल, सपा के उमेश यादव, निर्दलीय बाहुबली बृजेश सिंह की पत्नी अन्नपूर्णा सिंह के बीच त्रिकोणीय संघर्ष
वाराणसी, 08 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के वाराणसी स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में मतदान प्रक्रिया को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए पूरी तैयारी हो चुकी है। शुक्रवार को पहड़िया मंडी से वाराणसी, चंदौली व भदोही जिले में स्थित मतदान केंद्रों के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना हुईं। तीनों जिले में वाराणसी में 11, चंदौली में 9 व भदोही में 6 सहित कुल 26 बूथ पर मतदान शनिवार को सुबह आठ बजे से शुरू हो जायेगा।
स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में सांसद, विधानसभा सदस्य, विधान परिषद सदस्य, नगर निगम के पार्षद व महापौर, नगर पालिका व नगर पंचायत के अध्यक्ष व सदस्य, जिला व क्षेत्र पंचायत के अध्यक्ष व सदस्य, छावनी परिषद के सदस्य व ग्राम पंचायत के प्रधान सहित कुल 4949 मतदाता प्रत्याशियों का भाग्य तय करेंगे। चुनावी जंग में भाजपा के डॉ सुदामा पटेल, सपा से उमेश कुमार यादव और पूर्व एमएलसी अन्नपूर्णा सिंह के बीच मुकाबला है। अन्नपूर्णा सिंह निवर्तमान एमएलसी वाराणसी के केन्द्रीय कारागार में बंद माफिया बृजेश सिंह की पत्नी है। पिछले चुनाव में भाजपा ने बृजेश सिंह का समर्थन किया था।
—जिलाधिकारी ने मतगणना स्थल का किया निरीक्षण
जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी/ रिटर्निग ऑफिसर स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र कौशल राज शर्मा ने पोलिंग पार्टियों को रवाना किये जाने के बाद पहड़िया मण्डी में मतगणना स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्ट्रांग रूम की फुलप्रूफ सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मौके का मुआयना किया। सुरक्षा गार्डों की तैनाती के अलावा उसके चारों ओर निगरानी करने के लिए सीसीटीवी कैमरा लगाने, प्रकाश व्यवस्था कराने का निर्देश दिया। इसके अलावा पीछे की ओर दीवार खड़ी करने का भी निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत की निगरानी में निष्प्रयोज्य खाली मतपेटियों के बिखरे हुए पाये जाने पर उन्होंने एडीओ पंचायत को कारण बताओ नोटिस जारी किया और सभी मतपेटियों को सुरक्षित ढक कर रखने को कहा। उन्होंने मतगणना कराने के लिए काउन्टिंग टेबुल, आर.ओ. टेबुल, पीने के पानी, खानपान, कूलर/पंखे तथा पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था आदि सभी समय से पूरा करने के निर्देश दिए।
श्रीधर
