Wednesday, September 23, 2026
Homeउत्तर प्रदेशउप मुख्यमंत्री केशव मौर्य ने बाबा विश्वनाथ, कालभैरव, संकटमोचन मंदिर में टेका...

उप मुख्यमंत्री केशव मौर्य ने बाबा विश्वनाथ, कालभैरव, संकटमोचन मंदिर में टेका माथा

वाराणसी (हि.स.)। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने रविवार को काशी के विभिन्न मंदिरों में दर्शन पूजन किया। दर्शन पूजन के बाद मुख्यमंत्री ने गोलघर मैदागिन की अड़ी पर बैठकर कार्यकर्ताओं के साथ चाय भी पी। इस दौरान कालभैरव मंदिर से दर्शन पूजन कर आ रही वृद्ध महिला ने उप मुख्यमंत्री के सिर पर हाथ रखकर आर्शीवाद भी दिया।

दो दिवसीय वाराणसी दौरे के अंतिम दिन उप मुख्यमंत्री मौर्य ने काशी के कोतवाल बाबा कालभैरव, श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और श्री संकटमोचन दरबार में हाजिरी लगाई। कार्यकर्ताओं के साथ दर्शन पूजन के बाद उप मुख्यमंत्री ने भाजपा के पुराने कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात की। शनिवार शाम को शहर में आये उप मुख्यमंत्री ने सर्किट हाउस सभागार में विभागीय कार्यों की समीक्षा बैठक की।

उन्होंने कहा कि वाराणसी प्रधानमंत्री का संसदीय क्षेत्र है, यहां पर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में सौ फीसदी रिजल्ट चाहिए। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विभागीय स्तर पर अगर धनराशि की आवश्यकता है तो उसकी शासन स्तर पर डिमांड करें। विकास कार्यों के क्रियान्वयन में धन की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी। जिले की सभी 694 ग्राम सभाओं को स्मार्ट सिटी की तर्ज पर स्मार्ट विलेज बनाने का निर्देश देते हुए उप मुख्यमंत्री मौर्य ने अधिकारियों से कहा कि वह इस कार्य में वह व्यक्तिगत रुचि लें और इसे प्राथमिकता पर मूर्त रूप दें। इसके बाद उन्होंने वाराणसी नगर निकाय चुनाव को लेकर भाजपा पदाधिकारियों संग बैठक भी की। रात्रि विश्राम के पहले उप मुख्यमंत्री ने भाजपा नेता पशुपति नाथ सिंह के जयप्रकाश नगर स्थित घर पहुंच कर श्रद्धांजलि दी।

श्रीधर

RELATED ARTICLES

Most Popular