Thursday, April 23, 2026
Homeउत्तर प्रदेशउप्र में मिले 1092 नए कोरोना केस, बुलंदशहर व बरेली सहित 67...

उप्र में मिले 1092 नए कोरोना केस, बुलंदशहर व बरेली सहित 67 जिलों को राहत

लखनऊ (हि.स.)। उत्तर​ प्रदेश में कोरोना के केस लगातार कम हो रहे हैं। यहां 24 घंटे में 1092 नए केस सामने आए हैं। वहीं, 4346 मरीज डिस्चार्ज होकर घर चले गए हैं। प्रदेश में सक्रिय केसों की कुल संख्या 19 हजार 438 है। वहीं, रिकवरी रेट 97.6 प्रतिशत दर्ज हुई है। यह जानकारी शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को टीम-09 ने दी। 
मुख्यमंत्री योगी ने बुलंदशहर और बरेली जनपद में कुल एक्टिव केस की संख्या 600 से कम होने पर आंशिक कोरोना कर्फ्यू से राहत देने के निर्देश दिए हैं। इन जनपदों में भी आगामी सोमवार से सप्ताह में पांच दिन सुबह सात बजे से सायं सात बजे तक कोरोना कर्फ्यू से छूट दी जाएगी। इस तरह प्रदेश के 67 जिलों में कुल एक्टिव केस की संख्या 600 से कम हो गई है। 

योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार सभी नागरिकों का यथाशीघ्र टीका-कवर देने के लिए संकल्पित है। सोमवार से महिलाओं के सुविधाजनक टीकाकरण के लिए पृथक बूथ भी संचालित किए जाएंगे। इस सम्बंध में सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए हैं। 
उन्होंने कहा कि जुलाई माह में वैक्सीनेशन दो से तीन गुना तक विस्तार देने की योजना है। इसके दृष्टिगत बड़ी संख्या में वैक्सीनेटर की आवश्यकता होगी। नर्सिंग कॉलेजों के प्रशिक्षु विद्यार्थियों को  टीकाकरण के सम्बंध में प्रशिक्षित किया जाए। प्रशिक्षण की यह कार्यवाही अगले सप्ताह से प्रारम्भ  कर दिया जाए। 
योगी ने कहा कि चिकित्सकों को केवल चिकित्सकीय कार्य में ही तैनात किया जाए। स्वास्थ्य विभाग और चिकित्सा शिक्षा विभाग के अलग-अलग अस्पतालों/कार्यालयों सहित जहां भी चिकित्सकों की तैनाती प्रशासनिक/प्रबंधकीय कार्यों में की गई है, उन्हें तत्काल कार्यमुक्त कर चिकित्सकीय कार्यों में ही लगाया जाए। प्रबंधन के कार्यों के लिए आवश्यकतानुसार एमबीए उपाधिधारक युवाओं को मौका दिया जाना चाहिए। 
अधिकारियों ने अवगत कराया कि 24 घंटे में कुल 03 लाख 09 हजार 017 लाख टेस्ट हुए हैं। प्रदेश में अब पॉजिटिविटी रेट 0.3 प्रतिशत दर्ज हुई है। 

RELATED ARTICLES

Most Popular