उप्र में अब कैबिनेट मंत्री सतीश महाना कोरोना संक्रमित, होम आइसोलेशन में

लखनऊ। प्रदेश में एक के बाद एक कई मंत्री कोरोना संक्रमित होते जा रहे हैं। कई माननीय इलाज के बाद जहां ठीक हो चुके हैं। वहीं कई अस्पताल और होम आइसोलेनश में हैं। अब प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सतीश महाना कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। उन्होंने स्वयं को होम आइसोलेट कर लिया है।
औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना ने लक्षण लगने पर शुक्रवार को दिन में अपनी व स्टॉफ के 13 लोगों की कोरोना जांच कराई गई थी, जिसमें सभी को निगेटिव बताया गया था। इसके बाद दोबारा सैंपल देने के बाद वह लखनऊ से लाल बंगला स्थित अपने आवास पर आ गए थे। देर रात दूसरी जांच रिपोर्ट आने पर जानकारी दी गई कि उन्हें और स्टॉफ के तीन सदस्यों कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसके बाद वह लाल बंगला स्थित घर से फिर लखनऊ चले गए हैं।
उन्होंने शनिवार को ट्वीट करके स्वयं इसकी जानकारी दी। महाना ने कहा कि कोविड के प्रारम्भिक लक्षण दिखने पर कल मैंने टेस्ट करवाया जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। चिकित्सकों की सलाह से मैंने खुद को घर पर आइसोलेट कर लिया है। उन्होंने बीते दिनों में अपने सम्पर्क में आए लोगों से भी जांच कराने की अपील की है। 
पिछले महीने सतीश महाना के परिवार के कई सदस्य कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। महाना के संक्रमित होने की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फोन पर बात की और तुरंत चिकित्सकों की टीम भेजने के लिए निर्देश दिए हैं। इसके अलावा स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह ने भी उनकी सेहत की जानकारी ली।
इस पहले गुरुवार को कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह और भाजपा सांसद जगदम्बिका पाल वायरस की चपेट में आए थे। वहीं बुधवार को पंचायती राज मंत्री भूपेन्द्र सिंह चौधरी और मोहनलालगंज लोकसभा सीट से भाजपा सांसद कौशल किशोर में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई।
अभी तक उत्तर प्रदेश सरकार के कई मंत्री, विधायक कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं। इनमें प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम राज्यमंत्री चौधरी उदयभान सिंह, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य राज्यमंत्री अतुल गर्ग, स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह, ग्राम्य विकास मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह उर्फ मोती सिंह, विधि एवं न्याय मंत्री ब्रजेश पाठक, जलशक्ति मंत्री महेंद्र ,सिंह, आयुष राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धरम सिंह सैनी, खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उपेंद्र तिवारी और श्रम निर्माण एवं परामर्शदात्री समिति के अध्यक्ष ठाकुर रघुराज सिंह भी कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। इनके अलावा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह भी कोरोना पॉजिटिव पाए जा चुके हैं।
वहीं कोरोना संक्रमित सैनिक कल्याण, होमगार्ड्स, प्रान्तीय रक्षक दल व नागरिक सुरक्षा मंत्री चेतन चौहान और प्राविधिक शिक्षा मंत्री कमल रानी वरुण की मौत हो चुकी है। 

error: Content is protected !!