Tuesday, September 15, 2026
Homeउत्तर प्रदेशउप्र: मुख्यमंत्री योगी और भूपेंद्र चौधरी समेत कई भाजपा नेताओं ने हृदयनाथ...

उप्र: मुख्यमंत्री योगी और भूपेंद्र चौधरी समेत कई भाजपा नेताओं ने हृदयनाथ सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की

लखनऊ(हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केन्द्रीय राज्यमंत्री कौशल किशोर व उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं ने मंगलवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय पर पहुंचकर किसान मोर्चा के संगठक रहे हृदयनाथ सिंह के पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

हृदयनाथ सिंह का यहां डा. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में निधन हो गया था। कार्यकर्ताओं के अंतिम दर्शन के लिए उनके पार्थिव शरीर को भाजपा के प्रदेश कार्यालय में रखा गया था।

यहां से उनके परिजन उनके पार्थिव शरीर को लेकर जौनपुर रवाना हो गए हैं। अंतिम संस्कार जौनपुर जिले की शाहगंज तहसील के उनके पैतृक गांव अमावा खुर्द में होगा। हृदयनाथ सिंह झारखंड में भाजपा के प्रदेश संगठन मंत्री के अलावा काशी और ब्रज प्रांत के संगठन मंत्री रहे। इससे पहले वह अयोध्या और झांसी के विभाग प्रचारक रहे। हरदोई और पीलीभीत के जिला प्रचारक भी रहे। आपातकाल के दौरान उन्होंने काम किया और जेल भी गए।

जौनपुर के निवासी हृदयनाथ सिंह गोरखपुर में पढ़ाई के दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से जुड़े। इसके बाद वह आरएसएस के प्रचारक बन गए। बाद में संघ से भारतीय जनता पार्टी में काम करने के लिए भेजे गये।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने शोक व्यक्त करते हुए एक्स पर लिखा कि वरिष्ठ प्रचारक एवं पूर्व संगठन मंत्री हृदय नाथ सिंह के निधन का समाचार सुनकर स्तब्ध हूँ। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ है। ईश्वर दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोक संतप्त परिजनों को विपदा की इस घड़ी में संबल प्रदान करें।

भाजपा प्रदेश कार्यालय पर उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विनय कटियार, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के ग्राम विकास विभाग के प्रमख वीरेन्द्र सिंह, क्षेत्र के कुटुम्ब प्रबोधन प्रमुख अशोक उपाध्याय, सीमा जागरण मंच के क्षेत्र संगठन मंत्री अशोक केड़िया, वरिष्ठ संघ प्रचारक राजेन्द्र, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर, पशुधन मंत्री धर्मपाल, पूर्व मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा, एमएलसी अंगद सिंह, पूर्व मंत्री डा. महेन्द्र सिंह व भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित समेत कई नेताओं व कार्यकर्ताओं ने श्रद्धांजलि दी।

बृजनन्दन/दधिबल

RELATED ARTICLES

Most Popular