Wednesday, April 15, 2026
Homeमंडललखनऊ मंडलउप्र परिवहन निगम के कर्मचारियों को 17 फीसदी महंगाई भत्ता देने की...

उप्र परिवहन निगम के कर्मचारियों को 17 फीसदी महंगाई भत्ता देने की मंजूरी

लखनऊ (हि.स.)। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (रोडवेज) के नियमित कर्मचारियों को अब 17 फीसदी महंगाई भत्ता मिलना तय हो गया है। सार्वजनिक उद्यम विभाग की अध्यक्षता में गठित अधिकृत समिति ने महंगाई भत्ते के भुगतान को मंजूरी दे दी है। अभी तक रोडवेज कर्मियों को पांच फीसदी महंगाई भत्ता मिलता रहा है।

उत्तर प्रदेश रोडवेज कर्मचारी संघ द्वारा उठाई मांग पर प्रबंध निदेशक के प्रयास रंग लाए। प्रमुख सचिव परिवहन के सहयोग से सोमवार को 17 फीसदी महंगाई भत्ता का आदेश जारी हो गया है। शासन की ओर से जारी कार्यवृत्त के अनुसार रोडवेज के हर कर्मचारी को प्रति माह वेतन में 2500 से 6000 रुपये तक की बढ़ोत्तरी तय है। ऐसे में परिवहन निगम के करीब 20 हजार नियमित कर्मचारियों को अब 17 फीसदी महंगाई भत्ता मिलना तय हो गया है।

रोडवेज कर्मचारी संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह और महामंत्री रमाकांत सचान ने संयुक्त रूप से बताया कि कर्मचारी संघ के प्रयास से कर्मचारी और निगम हित में बड़ी सफलता मिली है। इसके लिए संघ ने कर्मचारियों को पूर्ण निष्ठा से कार्य करके निगम को 70 फीसदी यात्री लोड फैक्टर का लक्ष्य प्राप्त करने की अपील की है।

रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष चंद्रशेखर पाण्डेय और महामंत्री गिरीश चंद्र मिश्र ने अधिकृत समिति के सदस्यों, प्रमुख सचिव परिवहन और निगम के प्रबंध निदेशक को इस निर्णय के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया है।

उन्होंने अपेक्षा करते हुए कहा कि वार्ता में बनी सहमति के अनुसार अन्य बिंदुओं पर जल्द ही निर्णय लिया जाएगा। रोडवेज कर्मचारी परिषद के साथ बीते 14 दिसम्बर को हुए समझौते के बाद 23 दिसम्बर को शासन स्तर पर अधिकृत समिति की बैठक में महंगाई भत्ता दिए जाने पर निर्णय लिया गया है।

दीपक

RELATED ARTICLES

Most Popular