उप्र: आगामी विधानसभा चुनाव में फिर बनेगी भाजपा की सरकार : सिद्धार्थनाथ सिंह

प्रयागराज (हि.स.)। योगी सरकार के प्रवक्ता और कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने विधानसभा उपचुनाव में भाजपा को मिली बढ़त को लेकर कहा है कि जनता योगी सरकार के काम से खुश है। विकास कार्यों को लेकर जो नीतियां बन रही हैं, उसे जनता पसंद कर रही है। योगीजी के नेतृत्व में लोग जनसेवा में लगे हैं। उपचुनाव के नतीजों से साफ है कि 2022 में होने वाले आम विधानसभा चुनाव में भी बीजेपी दोबारा सरकार बनेगी।
 वहीं बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए को मिली बढ़त को लेकर कहा कि पीएम की लोकप्रियता आज भी बरकरार है। बिहार की जनता ने सुशासन बाबू के विकास कार्यों पर एनडीए को वोट किया है। जनता राजद के जंगलराज को अब तक भूली नहीं है। इसलिए जो जंगलराज, गुंडाराज की राजनीति करेगा उसका यही हश्र होगा। उन्होंने यह भी कहा कि बिहार चुनाव और यूपी के उपचुनाव के बाद अब बंगाल की बारी है। 
सिद्धार्थनाथ सिंह ने कहा कि बिहार चुनाव में योगी फैक्टर का बड़ा असर रहा है। योगीजी बेहद लोकप्रिय हैं, उनकी जितनी सभाएं होनी थी उससे दोगुनी सभाएं हुई है। मोदी, योगी और राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी नड्डा की बिहार चुनाव में सबसे ज्यादा डिमांड रही है। सभी नेताओं ने कड़ी मेहनत की है जिससे 15 साल के एंटी इनकंबेंसी फैक्टर के बाद भी एनडीए की सरकार बन रही है। श्री सिंह ने कहा कि विपक्ष लगातार जनता को कोरोना की विफलता, किसान सुधार बिल के मुद्दे पर गुमराह कर रहा था, लेकिन जनता ने विपक्ष के बहकावे में न आकर उनको नकार दिया और समझदारी से विकास के लिए वोट किया है। यूपी में सरकार ने चार साल जनहित के लिए काम किया है और हमारी लीडर शिप स्ट्रांग है। यूपी और केंद्र दोनों सरकारी लगातार जनहित के अच्छे काम कर रही है। 

error: Content is protected !!