उत्तर प्रदेश संगठनात्मक दृष्टि से बहुत मजबूत: भाजपा अध्यक्ष

-जेपी नड्डा ने पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश पदाधिकारियों से किया आनलाइन संवाद

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने गुरुवार को कहा कि उत्तर प्रदेश संगठनात्मक दृष्टि से बहुत मजबूत है। उन्होंने कहा कि पूरे देश में पार्टी के सबसे अधिक सक्रिय सदस्य तथा साधारण सदस्य उप्र से ही हैं।
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा आज शाम पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश पदाधिकारियों व क्षेत्रीय अध्यक्षों की परिचयात्मक बैठक को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में संवाद करते हुए मुझे लगता है कि मैं अपने घर में बात कर रहा हूूॅ। उन्होंने कहा कि सत्ता प्राप्ति हमारा लक्ष्य नहीं है। हमारे लिए सत्ता सामाजिक परिवर्तन के साथ गरीब, किसान, मजदूर के आर्थिक सामाजिक व राजनैतिक उत्थान का माध्यम मात्र है। 
प्रदेश की नवगठित टीम को शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने कहा कि यह पद नहीं जिम्मेदारी है। सभी प्रदेश पदाधिकारियों को नियमित प्रवास करके संगठन को मजबूत करना है। इसके साथ ही बूथ की गतिविधियों और आगे बढ़ाने का काम भी करना है।  
श्री नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत का मान विश्व में बढ़ा है। देश सामरिक और आर्थिक रूप से मजबूत हुआ है। प्रदेश की योगी सरकार की प्रंशसा करते हुए उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश प्रधानमंत्री आवास योजना, सौभाग्य योजना, उज्ज्वला योजना, शौचालय निर्माण सहित केन्द्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में अव्वल है। इसके साथ ही प्रदेश सरकार में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं का समायोजन भी हुआ है। उन्होने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कोरोना संकट काल में आत्मनिर्भर भारत अभियान का संकल्प लिया। आत्मनिर्भर भारत उत्तर प्रदेश के किसान, कामगार, आदिवासियों के लिए स्वालम्बन का अवसर है।
उन्होंने आईटी क्षेत्र के लिए कई सुझाव दिये। उन्होंने सांसद, विधायकों तथा जनप्रतिनिधियों का कंटैट भी सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म पर प्रसारित करने का सुझाव दिया।
भाजपा कार्यकर्ता परिवार के रुप में करते हैं काम: योगी
इस अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की जब बात आती है तो जनसामान्य के मन में यह विचार आता है कि भाजपा केवल राजनीतिक दल नहीं बल्कि मातृभूमि के प्रति समर्पण व सेवाभाव का एक महत्वपूर्ण उदाहरण प्रस्तुत करने वाले  कार्यकर्ताओं की टीम है जो परिवार के रूप में कार्य करती है। उस प्रकार का एक दृश्य हर एक मन में स्वतः देखने को मिलता है। उन्होंने कहा कि हमंे यह संस्कार डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीन दयाल उपाध्याय, अटल बिहारी वाजपेयी से मिले और आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के सानिध्य में जो भी वर्तमान में नेतृत्व व मार्गदर्शन प्राप्त हो रहा है। इस पर चलने वाला भारतीय जनता पार्टी का एक एक कार्यकर्ता अपने आप में गौरव की अनूभूति करता है।
योगी ने कहा कि स्वाभाविक रुप से जब एक ओर भारत अपनी मजबूत पकड़ के साथ दुनिया में आगे बढ़ रहा है। उन स्थितियों में बहुत सारे लोग ऐसे है जिन्हें भारत की प्रगति , भारत की समृद्धि व भारत का वह विराट स्वरूप जो दुनिया को मार्गदर्शन देने की स्थिति में वह अच्छा नहीं लग रहा है। उन स्थितियों में उनके द्वारा जो व्यक्तिगत टिप्णियां की जाती है। जाति, भाषा, क्षेत्र के नाम पर इस विराट स्वरुप को तमाम तरीकों से जो तोड़ने के कुत्सित चेष्टाए होती है। हरेक पार्टी के कार्यकर्ता व पार्टी पदाधिकारी को इससे सावधान होना होगा। भारतीय जनता पार्टी के लिए है पदाधिकारी व कार्यकर्ता के रूप में कार्य करते हुए हम सब को यह समझना होगा कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता के रूप में कार्य करने का मतलब राष्ट्र गौरव की अनूभूति के लिए कार्य करने वाला एक कार्यकर्ता है और राष्ट्र गौरव की अनुभूति राष्ट्रधर्म के लिए कार्य करने के लिए गौरव का अवसर होता है। 
उन्होंने कहा कि सरकार योजनाएं बनाती है और जनता के बीच तक पहुंचाती है। पार्टी का कार्यकर्ता उसे जनचर्चा का विषय बनाता है। जब यह जनचर्चा का विषय बनता है तो प्रत्येक नागरिक में जागरूकता का भी एक माध्यम बनता है। एक जागरूक नागरिक कभी भी किसी भी प्रकार के शोषण से किसी भी प्रकार की अराजकता से मुक्त होकर अपने अधिकारों के लिए पार्टी के साथ जुड़कर के गौरव की अनुभूति का एहसास करता है। भारतीय जनता पार्टी कि प्रदेश की नई टीम इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी मेरा ऐसा विश्वास है। योगी ने आगे कहा, ‘‘मैं राष्ट्रीय अध्यक्ष को इस बात के लिए धन्यवाद दूंगा कि उन्होंने न केवल अपना महत्वपूर्ण समय इस वर्चुअल बातचीत के माध्यम से टीम के साथ समय दिया है अपितु मुझे वर्चुअल संवाद बनाने का एक अवसर दिया है।’’
प्रदेश अध्यक्ष ने प्रस्तुत किया संगठनात्मक कार्यों का विवरण 
इससे पूर्व भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने बैठक में स्वागत भाषण के साथ ही संगठनात्मक कार्यों का प्रस्तुतीकरण करते हुए कहा कि आगामी दिनों में प्रदेश की आठ विधानसभाओं के उपचुनाव के साथ ही स्नातक व शिक्षक विधान परिषद चुनाव, पंचायत चुनाव के साथ ही गन्ना समिति के चुनावों के लिए प्रदेश संगठन पूरी तरह से तैयार है। कार्यकर्ता आधारित भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी शक्ति हमारा संगठन ही है। उन्होंने नवगठित प्रदेश पदाधिकारियों की टीम का परिचय राष्ट्रीय अध्यक्ष से कराते हुए कहा कि 22 अगस्त को इस टीम गठन होने के साथ ही प्रदेश में भाजपा कार्यकर्ता एवं पदाधिकारियों में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। उन्होंने कहा कि भाजपा की यह टीम प्रदेश से लेकर बूथ स्तर तक बेहतर समन्वय स्थापित करके पार्टी को और भी अधिक मजबूत करने का काम करेगी।
श्री सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के आवाहन पर तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष की प्रेरणा से कार्यकर्ताओं ने सेवा को ही संगठन मानकर कोरोना काल में 4 करोड़ 32 लाख भोजन पैकेट तथा 40 लाख 54 हजार राशन किट के साथ 92 लाख 44 हजार मास्क वितरित किये। उन्होंने कहा कि सेवा कार्यों से यह आमधारणा बनी कि विषम परिस्थितयों में आमजन के साथ खडे होकर सिर्फ भारतीय जनता पार्टी ने ही सहायता की। उन्होने बताया कि प्रदेश में अबतक लगभग डेढ़लाख बूथ समितियां के सत्यापन का कार्य 8 सितम्बर तक पूर्ण हो चुका है।  
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ने बैठक में कहा कि कोरोना के कालखण्ड में बूथ से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक पार्टी के अन्दर एक विशाल डिजिटल प्लेटफार्म तैयार हुआ और कोरोना काल में प्रदेश में बूथ, मण्डल, जिला, क्षेत्र व प्रदेश स्तर तक की बैठकें वर्चुअल माध्यम से हुई और इसके साथ ही पार्टी ने आम जनमानस से जुड़कर सफल डिजिटल सभाएं भी आयोजित की। साथ ही जिला स्तर तक सेवा ही संगठन ई-बुक का विमोचन किया जा चुका है। आगामी समय में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस पर 14 सितम्बर से 20 सितम्बर तक सेवा सप्ताह के तहत सभी जिला, मण्डल, सेक्टर व बूथ पर कार्यक्रम तथा 25 सितम्बर प. दीनदयाल उपाध्याय की जन्म जयन्ती से 2 अक्टूबर महात्मा गांधी की जयन्ती के उपलक्ष्य में मनाये जाने वालेे सभी कार्यक्रमों के लिए बैठक कर रूपरेखा तैयार कर ली गई है।  
बैठक में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, डा. दिनेश शर्मा तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल सहित प्रदेश के पदाधिकारी, क्षेत्रीय अध्यक्ष व क्षेत्रीय संगठन मंत्री डिजिटल माध्यम से जुडे़ रहे। 

error: Content is protected !!