उत्तर प्रदेश में वेतन और पेंशन की आ सकती है समस्या : अभिषेक मिश्रा

कानपुर(हि.स.)। कोरोना काल में भारत ही नहीं पूरे विश्व की अर्थव्यवस्था गड़बड़ हुई है, लेकिन भारत में इसके पहले से ही सरकार की नीतियों के चलते अर्थव्यवस्था में गिरावट आयी। यही नहीं अभी भी सरकार चेत नहीं रही है और आने वाले दिनों में जीडीपी में अधिक गिरावट होना तय है। वहीं अगर उत्तर प्रदेश की बात की जाये तो वर्तमान समय में उत्तर प्रदेश सरकार की सबसे बड़ी समस्या यह है कि सरकार का कैश और रेवेन्यू मैनेजमेंट ठीक नहीं है, जब तक वह ठीक नहीं होगा तब तक पैसा नहीं आएगा। हालात तो यहां तक खराब हैं कि अगले तीन-चार माह में वेतन और पेंशन की समस्या भी हो सकती है। यह बातें सपा नेता व पूर्व कैबिनेट मंत्री अभिषेक मिश्रा ने कानपुर में कही। 

जालौन और झांसी के दौरे पर निकले सपा नेता व सपा सरकार में सूचना प्रौद्योगिकी व कौशल विकास मंत्री रहे अभिषेक मिश्र कानपुर पहुंचे। यहां पर जाजमऊ पुल के पास उन्होंने सपा नेताओं और व्यापारियों से मुलाकात की और शहर का हाल-चाल जाना। इसके साथ ही सपा द्वारा कल हुए सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन पर भी चर्चा की और नेताओं ने विरोध प्रदर्शन की फोटो भी दिखाई। सपा नेताओं ने कहा कि कानपुर में विरोध प्रदर्शन सफल रहा। मीडिया से संक्षिप्त वार्ता में उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश में किसान, उद्योग और रोजगार के मुद्दों को लेकर अलग स्तर पर तैयारी कर रही है। उत्तर प्रदेश में सपा की सरकार बनते ही पहले ही दिन से जनता को हमारा काम दिखने लगेगा। उन्होंने कहा कि चाहे घर हो या सरकार जब पैसा आता है तभी उसे खर्च किया जाता है यह सभी जानते हैं लेकिन यहां कैश फ्लो ठीक नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपने ही अधिकारियों पर विश्वास नहीं कर रही है इसलिए ब्यूरोक्रेसी से उसे सही फीडबैक नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि वह प्रदेश के अलग-अलग हिस्से में जो मुद्दे हैं उन्हें समझने का प्रयास कर रहे हैं। कई जिलों का दौरा कर चुके हैं और अगले 100 दिनों में वह प्रदेश के सभी जिलों में जाकर वहां की समस्याओं को समझने का प्रयास करेंगे।

error: Content is protected !!