कुशीनगर पहुंची स्वामी विवेकानन्द सन्देश यात्रा का पुष्प वर्षा कर हुआ स्वागत
कुशीनगर (हि. स.)। स्वामी विवेकानन्द जयंती के उपलक्ष्य में निकली ”विवेकानन्द संदेश यात्रा” रविवार देर शाम कुशीनगर पहुंची। यात्रा के स्वागत भारी संख्या में लोग उमड़ पड़े।कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही, पूर्व केंद्रीय मंत्री आरपीएन सिंह,एनसीसी कैडेट, छात्र, युवाओं समेत अनान्य लोगों ने विवेकानन्द की प्रतिमा पर पुष्पबर्षा कर स्वागत किया। महापरिनिर्वाण मन्दिर के मुख्य द्वार, गांधी चौक,अमिय चौक यात्रियों को अंग वस्त्र व माल्यार्पण कर स्वागत किया गया।
महापरिनिर्वाण द्वार पर यात्रियों का स्वागत करते हुए प्रदेश के कृषि, कृषि शिक्षा व अनुसंधान मंत्री सूर्यप्रताप शाही ने कहा कि देश के युवा संन्यासी, युवाओं के प्रेरणा स्रोत स्वामी विवेकानन्द जी ने 125 वर्ष पूर्व वर्ष 1893 में जो उद्बोधन विश्व धर्म परिषद में शिकागो नगर में दिया था, उसका एक-एक अक्षर आज हम सबके लिए अनुकरणीय एवं प्रेरणास्पद है। उन्होंने कहा कि भारत देश की वर्तमान युवा पीढ़ी को स्वामी विवेकानन्द द्वारा दिये गये उपदेशों ‘‘उठो जागो’ एवं अपने को पहचानते हुए ‘आगे बढ़ते रहो’ को जीवन में उतारकर स्वयं अपने भविष्य का निर्माण करते हुए राष्ट्रनिर्माण के क्षेत्र में योगदान करना चाहिए। 125 वर्ष बाद आज भी स्वामी विवेकानन्द का जीवन दर्शन उनके द्वारा दी गई प्रेरणाएं भारत राष्ट्र का पुनर्निर्माण कर सकती हैं। उन्होंने युवा पीढ़ी से अध्ययन के साथ-साथ धर्म दर्शन एवं अध्यात्म को जीवन में स्थान देते हुए भारतीय संस्कृति के मूल तत्वों को ग्रहण करने का आह्वान किया।
अमिय चौक पर संस्कार भारती के अध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार सिन्हा द्वारा आयोजित स्वागत समारोह को सम्बोधित करते हुए पूर्व विधायक रजनीकांत मणि त्रिपाठी ने कहा कि स्वामी विवेकानन्द ने 125 वर्ष पूर्व भारत की धर्म ध्वजा एवं अध्यात्म का परचम लहराते हुए दुनिया के लगभग 150 देशों को भारत के धर्म दर्शन एवं संस्कृति से परिचित कराते हुए विश्व धर्म सम्मेलन में कहा था कि हमारे राष्ट्र की परम्परा है कि हम सभी धर्मों का समान आदर करते हैं। हम सभी धर्मों का सम्मान करते हैं क्योंकि सभी धर्मों की माता भारत देश है। उन्होंने कहा था कि हम विश्व के सभी धर्मों में विश्वास रखते हैं। संस्कार भारती के कलाकारों ने स्वामी विवेकानन्द की प्रतिमा की आरती उतारी व मनोहारी कार्यक्रम प्रस्तुत किया।
यात्रा का स्वागत करने वालों में विधायक मोहन वर्मा, जिला संघ चालक डॉ. सीएस सिंह, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष कृष्ण कुमार, डॉ. अमृतांशु शुक्ल,पूर्व चेयरमैन नन्दकिशोर नाथानी, डॉ. कौस्तुभ मिश्र आदि शामिल रहे।
गोपाल
