Wednesday, June 24, 2026
Homeखेल इस साल वनडे में सर्वाधिक विकेट लेने वाले भारतीय तेज गेंदबाज बने...

 इस साल वनडे में सर्वाधिक विकेट लेने वाले भारतीय तेज गेंदबाज बने मोहम्मद सिराज

ढाका (हि.स.)।भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज इस साल वनडे में अपने देश के अग्रणी विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं। 28 वर्षीय तेज गेंदबाज ने ढाका में बांग्लादेश के खिलाफ भारत के दूसरे वनडे के दौरान यह उपलब्धि हासिल की। मैच में, सिराज ने अपने दस ओवरों में कुल 73 रन देकर दो विकेट लिए।

सिराज ने इस साल 14 एकदिवसीय मैचों में, 4.58 की इकॉनमी रेट के साथ 23.34 की औसत से 23 विकेट लिए हैं। इस साल उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी आंकड़ा 3/29 है।

सिराज के पीछे स्पिनर युजवेंद्र चहल (21 विकेट) हैं। चहल के बाद प्रसिद्ध कृष्णा (19 विकेट) और शार्दुल ठाकुर (19 विकेट) हैं।

शीर्ष विकेट लेने वालों की समग्र सूची में, सिराज अफगानिस्तान के राशिद खान और स्कॉटलैंड के जीटी मेन के साथ संयुक्त रूप से नौवें स्थान पर हैं। राशिद और मेन ने भी इस साल 23-23 विकेट लिए हैं। इस वर्ष ओमान के बिलाल खान एकदिवसीय मैचों में सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं, जिन्होंने 16 मैचों में 16.86 के औसत और 4.90 की इकॉनमी रेट से 5/31 के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी आंकड़े के साथ 43 विकेट लिए हैं।

बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे एकदिवसीय मैच की बात करें तो इस मैच में बांग्लादेश ने भारत को 5 रन से हराकर तीन मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला में 2-0 की अपराजेय बढ़त हासिल कर ली है। मैच भले ही बांग्लादेश ने जीता हो, लेकिन भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने बाएं हाथ का अंगूठा चोटिल होने के बावजूद 28 गेंदों पर नाबाद 51 रनों की पारी खेल भारतीय प्रशंसकों का दिल जीत लिया।

इस मैच में बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए मेंहदी हसन मिराज के नाबाद शतक और महमुदुल्लाह के बेहतरीन अर्धशतक की बदौलत निर्धारित 50 ओवरों में 7 विकेट पर 271 रनों का स्कोर खड़ा किया। जवाब में भारतीय टीम 50 ओवर में 9 विकेट पर 266 रन ही बना सकी।

सुनील

RELATED ARTICLES

Most Popular