Tuesday, June 23, 2026
Homeउत्तर प्रदेशइण्डिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक में उत्कृष्ट कार्य करने वाले डाककर्मी सम्मानित

इण्डिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक में उत्कृष्ट कार्य करने वाले डाककर्मी सम्मानित

बैंक के माध्यम से घर बैठे मिल रही बैंकिंग व जनकल्याणकारी सेवाएं: पोस्टमास्टर जनरल

वाराणसी (हि.स.)। वित्तीय सशक्तिकरण और अंत्योदय में डाक विभाग अहम भूमिका निभा रहा है। वर्तमान डिजिटल युग में नवीनतम टेक्नोलॉजी का प्रयोग कर इण्डिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के माध्यम से डाक विभाग तमाम बैंकिग सेवाएं और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ घर बैठे ही लोगों तक पहुंचा रहा है। यह उद्गार वाराणसी परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव के है।

पोस्टमास्टर जनरल शुक्रवार को प्रधान डाकघर के सभागार में इण्डिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक द्वारा आयोजित उत्कृष्ट डाककर्मियों के सम्मान समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। समारोह में पोस्टमास्टर जनरल ने सी.ई.एल.सी. प्रतियोगिता के विजेता ग्रामीण डाक सेवकों को रेफ्रिजरेटर और लैपटॉप देकर सम्मानित किया और उनकी हौसला आफजाई की।

इस अवसर पर वाराणसी के 11 और चंदौली जनपद के 06 कर्मचारी सम्मानित हुए। पोस्टमास्टर जनरल ने कहा कि डाकिया और ग्रामीण डाक सेवक चलते-फिरते बैंक बन गए हैं। किसानों और विभिन्न लाभार्थियों के बैंक खातों में आने वाली डीबीटी राशि की निकासी के लिए अब किसी को भी बैंक या एटीएम जाने की जरूरत नहीं, बल्कि घर बैठे ही अपने आधार लिंक्ड बैंक खाते से डाकिया के माध्यम से निकासी कर सकते हैं। घर बैठे डाकिया के माध्यम से ही आधार में मोबाइल नम्बर अपडेशन और 5 साल तक के बच्चों का आधार इनरोलमेंट कराया जा सकता है।

ई-श्रम, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, वाहनों का बीमा, स्वास्थ्य बीमा, दुर्घटना बीमा, पेंशनर्स हेतु जीवित प्रमाण पत्र, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना जैसी तमाम सेवाओं का लाभ भी डाकिया के माध्यम से घर बैठे लिया जा सकता है।

उन्होंने बताया कि वाराणसी परिक्षेत्र में वित्तीय वर्ष 2022-23 में इण्डिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के कुल 1.20 लाख खाते खोले गए, जिनमें 50 हजार प्रीमियम खाते खुले। वहीं आधार इनेबल्ड पेमेंट सिस्टम के माध्यम से 3.37 लाख लोगों को घर बैठे 132 करोड़ रूपये का भुगतान किया गया। आईपीपीबी के द्वारा घर बैठे 4.60 लाख व्यक्तियों का आधार नामांकन और अपडेशन किया गया। जनरल इंश्योरेंस के तहत 22.25 लाख रूपये का प्रीमियम अर्जित किया गया।

इस अवसर पर प्रवर डाक अधीक्षक वाराणसी पूर्वी मंडल राजन, डाक अधीक्षक वाराणसी पश्चिमी मंडल हेमन्त कुमार, सहायक निदेशक राम मिलन, बृजेश कुमार शर्मा, आईपीपीबी सीनियर मैनेजर सुबलेश सिंह, मैनेजर अमित सिंह व मुक्ता चटर्जी, सहायक डाक अधीक्षक एसके चौधरी, आरके चौहान, निरीक्षक डाकघर इंद्रजीत पाल, श्रीकान्त पाल, सर्वेश सिंह आदि उपस्थित रहे।

श्रीधर

RELATED ARTICLES

Most Popular