जिला इकाई का विधायक के बीच नाराजगी का दौर जारी, कार्यालय में तालाबंदी मामले में पकड़ा तूल
इटावा (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के इटावा सदर विधानसभा सीट से दूसरी बार निर्वाचित विधायक सरिता भदौरिया और भारतीय जनता पार्टी के संगठन के बीच चल रही अनबन उस समय खुल कर सामने आ गयी, जब एमएलए के स्वागत के समय भाजपा कार्यालय में तालाबंदी कर दी गयी। अब यह मामला चर्चा का विषय बन गया है।
दरअसल, भारतीय जनता पार्टी के जिला संगठन और दूसरी बार इटावा सदर सीट से निर्वाचित हुई विधायक सरिता भदौरिया के बीच चली आ रही अनबन खुलकर सामने आने लगी है। इस अनबन ने कई तरह के सवाल भी खड़े कर दिए हैं। यह मामला उस समय देखने को मिला जब रविवार को दूसरी बार निर्वाचित होने पर विधायक सरिता भदौरिया का स्वागत कार्यक्रम भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष संजू चौधरी की अगुवाई में जिला कार्यालय पर प्रस्तावित था।
स्वागत के प्रस्तावित कार्यक्रम की जानकारी जैसे ही पार्टी के जिलाध्यक्ष संजीव राजपूत को जानकारी हुई तो वह पार्टी के सभी पदाधिकारियों के साथ जिला कार्यालय पर ताला डाल कर निकल गए। जब नव निर्वाचित विधायक अपने तमाम समर्थकों के साथ में पार्टी कार्यालय पर जा पहुंची तो उन्हें मुख्य गेट पर ताला बंद मिला। परिणाम स्वरूप विधायक समर्थकों की ओर से खासी नाराजगी जताई जाने लगी। हालांकि विधायक ने मौके की नजाकत को देखते हुए स्वागत सत्कार की प्रक्रिया पार्टी कार्यालय के पड़ोस में ही स्थित निजी मैरिज वाटिका में करवाई। स्वागत कार्यक्रम के बाद सभी लोग आराम से अपने अपने घरों के लिए चले गए, लेकिन भारतीय जनता पार्टी कार्यालय पर ताले बंदे की खबर ने पूरे शहर में चर्चा का दौर शुरू हो गया है। सोमवार को भी यह चर्चा जोरों पर रही।
रोहित
