मेरठ (हि.स.)। लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र की तारापुरी में आरवीसी सेंटर के कर्मचारी के बंद मकान का ताला तोड़कर चोरों ने लाखों रुपए का सामान चुरा लिया। चोर घर के आसपास लगे लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए। पुलिस मामले की जांच करके चोरों की तलाश में जुटी है।
लिसाड़ी रोड स्थित तारापुरी का रहने वाला मुजम्मिल सिविल डिफेंस के आरवीसी सेंटर में कर्मचारी है। उसका तारापुरी कॉलोनी में ही दूसरा मकान भी है। शुक्रवार की रात्रि को वह अपने मकान में ताला लगाकर परिजनों के साथ दूसरे मकान में जाकर सो गया। शनिवार को वापस लौटने पर उसने घर का ताला टूटा हुआ देखा। अंदर जाकर पता चला कि पूरा घर अस्त-व्यस्त है। आलमारी खुली हुई है। पड़ताल करने पर पता चला कि चोरों ने रात में उसके घर से लगभग 02 लाख रुपए कीमत के आभूषण, कीमती कपड़े आदि सामान चोरी कर लिया।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि बदमाशों ने पड़ोसी के मकान से उसके घर की छत पर आकर ऊपर का दरवाजा तोड़ा। इसके बाद सारा सामान चोरी कर लिया। पुलिस ने घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किए तो उसमें चोर कैद हो गए। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश की जा रही है।
कुलदीप
