Monday, September 21, 2026
Homeलखनऊआरपीआई लखनऊ में चार मार्च को करेगा संविधान सम्मान रैली

आरपीआई लखनऊ में चार मार्च को करेगा संविधान सम्मान रैली

लखनऊ (हि.स.)। रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले) की अगले माह 4 मार्च को राजधानी लखनऊ में होने वाली संविधान सम्मान रैली को लेकर निरालानगर स्थित जेसी गेस्ट हाउस में प्रदेश पदाधिकारियों की शनिवार को बैठक सम्पन्न हुई। आरपीआई के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष पवन कुमार गुप्ता के नेतृत्व में हुई प्रदेश पदाधिकारी बैठक में संविधान सम्मान रैली को सफल बनाने के लिए रणनीति तैयार की गई। प्रदेश के विभिन्न ज़िलों से आए प्रदेश पदाधिकारियों ने रैली को सफल बनाने के लिए ज़िला, तहसील, क़स्बों एवं ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं को रैली में जुटाने की तैयारियों के बारे में बताया।

प्रदेश अध्यक्ष पवन कुमार गुप्ता ने कहा कि लखनऊ में 4 मार्च 2024 को होने वाली संविधान सम्मान रैली में बड़ी संख्या में पूरे प्रदेश के अलग-अलग ज़िलों से कार्यकर्ता रैली में शामिल होंगे। इसके लिए प्रदेश पदाधिकारी अपने-अपने इलाक़ों में जाकर कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर रहे हैं, उन्हें आरपीआई के समतामूलक समाज के विचारों के बारे में अवगत करा रहे हैं। साथ ही जन अधिकार रैली में उन्हें आमंत्रित कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर को चाहने वाला वर्ग उत्तर प्रदेश के कोने-कोने में है। आज बसपा की विश्वसनीयता बहुजन समाज में खत्म हो गयी है, क्योंकि बहनजी को बहुजन समाज ने कई बार मुख्यमंत्री तो बनाया लेकिन उन्होंने समाज का भला नहीं किया। आज ग्रामीण क्षेत्रों में बसने वाला बहुजन समाज आरपीआई से जुड़ रहा है। साथ ही आदिवासी, वंचित, शोषित, विमुक्त समाज सहित हर वर्ग के लोग पार्टी से जुड़ रहे हैं।

पवन कुमार गुप्ता ने कहा कि बाबा साहेब द्वारा बनाई गयी राजनीतिक पार्टी आरपीआई के माध्यम से हम लोग उनके विचारों को जन-जन तक पहुँचा रहे हैं। संविधान सम्मान रैली में देश के गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह को उनसे मुलाक़ात कर आमंत्रित किया किया गया है। साथ ही भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा , प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा उत्तर प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी को भी आमंत्रित किया जाएगा।

बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष एडवोकेट विनोद कुमार, प्रदेश प्रवक्ता पीसी चौधरी, युवा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष पंकज भारद्वाज, शिक्षा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष अशोक शर्मा, कार्यकारी अध्यक्ष युवा मोर्चा अभिनव सिंघल, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि शुक्ला सहित तमाम पदाधिकारी मौजूद रहे।

मोहित /बृजनंदन

RELATED ARTICLES

Most Popular