फिरोजाबाद (हि.स.)। आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष नूर मुहम्मद सिद्दीकी ने सोमवार को कहा कि उप्र में होने वाले नगर निकाय चुनाव में पार्टी पूरी मजबूती के साथ लड़ेगी। पार्टी की जीत होने पर हम हाउस टैक्स हाफ और वॉटर टैक्स माफ करेंगे। साथ ही शहर में सफाई की उचित व्यवस्था की जाएगी।
जिलाध्यक्ष नूर मुहम्मद सिद्दीकी ने पत्रकार वार्ता में कहा कि देश की जनता ने लोकसभा चुनाव में नरेंद्र मोदी एवं विधानसभा के चुनाव में योगी आदित्यनाथ को मौका दिया है। क्योंकि निकाय चुनाव का मुख्य मुद्दा साफ-सफाई का होता है, जिसे झाड़ू वाले ही कर सकते हैं और हमारा चुनाव चिन्ह ही झाड़ू है। इसलिए हमें पूरा भरोसा है कि इस चुनाव में उत्तर प्रदेश की जनता आम आदमी पार्टी को मौका देगी।
उन्होंने कहा कि आज देश की जनता अरविंद केजरीवाल के सिद्धांतों से अत्यधिक प्रभावित है और यही कारण है कि दिल्ली की जनता ने तीन बार अरविंद केजरीवाल को चुना, क्योंकि उन्हें मुख्यमंत्री केजरीवाल का शिक्षा, स्वास्थ्य चिकित्सा, यातायात, बिजली-पानी का माॅडल पसंद आया। इन्हीं मुद्दों पर जनता ने पंजाब की कमान भी आम आदमी पार्टी को सौंपी।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि उत्तर प्रदेश के 763 नगर निकायों में से 635 नगर निकायों में आम आदमी पार्टी ने अपने प्रभारी घोषित कर दिए हैं। जिनमें फिरोजाबाद जिले में नगर पालिकाओं में प्रभारी नगर पंचायतों में प्रभारी और नगर निगम की विधानसभा प्रभारी बनाए जा चुके हैं।
वार्ता के दौरान जिला महासचिव अमित गर्ग, महानगर प्रभारी शीलेन्द्र वर्मा, यूथ विंग अध्यक्ष धमेन्द्र यादव, नीतू सिसोदिया, देवराज सिंह आदि उपस्थित रहे।
कौशल
