-अवैध रूप से आतिशबाज घर पर रखे था विस्फोटक पदार्थ
कानपुर(हि.स.)। रावतपुर थाना क्षेत्र में एक आतिशबाज के घर में अचानक विस्फोट हो गया, जिससे आसपास के मकानों की खिड़कियों के शीशे टूट गये। इससे इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने फॉरेंसिक टीम के साथ जांच पड़ताल की और अवैध विस्फोटक पदार्थ रखने पर आतिशबाज के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
आनंद नगर निवासी रोहित सैनी शादी-विवाह में आतिशबाजी का काम करता है। घर में अचानक विस्फोट हो गया। विस्फोट होने से उसके घर के अलावा आसपास के घरों के खिड़कियों के शीशे टूट गए। क्षेत्रीय लोग दहशत में आ गएऔर घरों से निकलकर भाग खड़े हुए। लोग घबराए हुए थे कि कहीं और विस्फोट न हो जाए और फौरन पुलिस को सूचना दी गई। विस्फोट की सूचना पर आनन-फानन में क्षेत्रीय पुलिस मौके पर पहुंची। घटना को गंभीरता से लेते हुए फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया।
डीसीपी पश्चिम विजय ढुल ने मंगलवार को बताया कि जांच के दौरान पता चला कि घर में विस्फोटक का सामान रखा हुआ था। पूरे घटनाक्रम में जांच पड़ताल की जा रही है। जो पटाखे सैनी के घर में रखे हुए थे, उसे बनाने और रखने का लाइसेंस नहीं था । पुलिस द्वारा स्वत: संज्ञान लेते हुए मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
अजय कुमार
