– ई-मास्टर्स डिग्री प्रोग्राम के अगले बैच के आवेदन के लिए 12 नवम्बर है आखिरी तारीख
कानपुर(हि.स.)। आधुनिक डिजिटल संचार प्रणालियों में तेजी से बदलाव ने दुनिया भर में अत्यधिक कुशल कार्यबल की सख्त जरूरत पैदा कर दी है। भारत में 5जी लॉन्च हो रहा है और 6जी पर काम चल रहा है। इसके साथ ही लगातार संचार प्रणाली क्षेत्र में कुशल संसाधनों के लिए तेजी देखी जा रही है। इसको देखते हुए कानपुर आईआईटी भारत की संचार प्रणालियों को मजबूत करने के लिए ई-मास्टर्स डिग्री प्रोग्राम चला रहा है। अगले बैच के आवेदन के लिए 12 नवम्बर आखिरी तारीख है।
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) कानपुर के निदेशक प्रो. अभय करंदीकर ने सोमवार को बताया कि 4जी के आगमन के साथ और 5जी के लिए अधिक स्थानीय उपयोग के मामलों को विकसित करने पर केंद्र सरकार प्रमुखता के साथ काम कर रही है, जिसके लिए भारत को कुशल पेशेवरों की आवश्यकता होगी जो संचार और संबद्ध प्रौद्योगिकियों में अच्छी तरह से सुसज्जित हों। पेशेवर जो आधुनिक डिजिटल संचार प्रणालियों को डिजाइन, निर्माण और तैनात कर सकते हैं, उन्हें भारत की डिजिटल परिवर्तन यात्रा में बढ़त हासिल होगी। इस आवश्यकता को पूरा करने के लिए और काम करने वाले पेशेवरों को खुद को अपस्किल करने में सहायता करने के लिए आईआईटी कानपुर संचार प्रणालियों में अपनी तरह का इकलौता ई-मास्टर डिग्री प्रदान कर रहा है।
बताया कि ई-मास्टर्स डिग्री के लिए साइन अप करने वाले पेशेवर संचार प्रणालियों में भारत की परिवर्तनकारी यात्रा को आकार देने के लिए बहुआयामी विशेषज्ञता हासिल करेंगे। अधिकांश अन्य डिप्लोमा या व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के विपरीत आईआईटी कानपुर में ई-मास्टर्स डिग्री प्रोग्राम भी दीक्षांत समारोह में औपचारिक सीनेट-अनुमोदित डिग्री देता है। नामांकन के दो चक्रों के सफलतापूर्वक पूरा होने के बाद तीसरे बैच के लिए 12 नवंबर 2022 की विस्तारित समय सीमा के लिए आवेदन स्वीकार किए जा रहे हैं।
अजय सिंह
