Sunday, May 10, 2026
Homeउत्तर प्रदेशअयोध्या के पूर्व डीएम अनुज झा ने कहा- जमीन खरीद से मेरा...

अयोध्या के पूर्व डीएम अनुज झा ने कहा- जमीन खरीद से मेरा कोई सरोकार नहीं

लखनऊ (हि.स.)। अयोध्या के पूर्व जिलाधिकारी अनुज कुमार झा ने शुक्रवार को कहा कि जमीन खरीद से उनका कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा कि कुछ समाचार माध्यमों ने मेरे और मेरे परिजन के खिलाफ खबरें चलाई हैं, वे सभी खबरें निराधार हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस पूरे मामले का श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट से भी कोई लेना-देना नहीं है।

पूर्व जिलाधिकारी झा ने हिन्दुस्थान समाचार से फोन पर बातचीत में कहा, मैं अथवा मेरे पिताजी ने महर्षि रामायण विद्यापीठ ट्रस्ट (एमआरवीटी) से कोई भी भूमि नहीं खरीदी है। साथ ही एमआरवीटी से भूमि खरीदने वाले किसी भी व्यक्ति से मेरा दूर-दूर तक कोई रिश्ता नहीं है। मेरे पिता ने आवासीय प्रयोजन से अयोध्या में एक अन्य स्थान पर किसी अन्य व्यक्ति से 320 वर्ग मीटर भूमि खरीदी है। इन विक्रेता का एमआरवीटी से कोई लेना-देना नहीं है और न ही यह भूमि अनुसूचित जाति से संबंधित किसी व्यक्ति की है। इस भूमि की खरीद में सभी नियमों का पालन किया गया है।

अनुज झा ने स्पष्ट किया कि मेरे पिता ने यह भूमि किसी भी ट्रस्ट अथवा व्यक्ति को नहीं बेची है और न ही यह भूमि किसी सरकारी कार्य के लिए ली गयी है। अत: इस भूमि से कोई अवैध तरीके से लाभ लेने का प्रश्न ही नहीं उठता। यह भी स्पष्ट है कि इस पूरे प्रकरण का श्रीराम जन्मभूमि ट्रस्ट से कोई लेना-देना नहीं है।

आईएएस अधिकारी झा ने कहा कि महर्षि रामायण विद्यापीठ ट्रस्ट के नाम एक अनुसूचित जाति के व्यक्ति की भूमि के वर्ष 1996 में अवैध हस्तांतरण की शिकायत मुझे मिली थी। इसकी समय से जांच कर भूमि से ट्रस्ट का नाम खारिज कर भूमि राज्य सरकार में निहित करने के लिए कार्यवाही प्रारंभ करने का निर्णय मैंने लिया था। इसके लिए संबंधित कोर्ट में वाद दायर कर दिया गया था। इस संबंध में जिला प्रशासन के द्वारा सभी आवश्यक कदम ट्रस्ट को कोई फायदा पहुंचाए बिना लिए गए।

दिलीप शुक्ला

RELATED ARTICLES

Most Popular