संवाददाता
लखनऊ। राजधानी के परिषदीय स्कूलों के शिक्षकों को अब मानव संपदा पोर्टल पर ही ऑनलाइन अवकाश मिलेगा। प्रार्थना पत्र से अवकाश पर रोक लगा दी गई है। बेसिक शिक्षा अधिकारी पीएन सिंह ने इसके लिए आदेश जारी कर दिया है। प्रदेश के कई जिलों के साथ-साथ लखनऊ में भी तमाम शिक्षक अभी मानव संपदा पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन अवकाश नहीं ले रहे थे। जिसकी वजह से दिक्कतें आ रही हैं। मैनुअल अवकाश लेने की वजह से उनकी छुट्टियों का ब्यौरा ऑनलाइन नहीं उपलब्ध हो पा रहा है। बेसिक शिक्षा अधिकारी पीएन सिंह ने 31 मार्च को इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है। उन्होंने लिखा है कि लखनऊ के परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक तथा शिक्षणेत्तर कर्मचारियों की अवकाश की स्वीकृति निस्तारण अब मानव संपदा पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन ही की जाएगी। उन्होंने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को अवकाश प्रकरणों का ऑनलाइन अग्रसारण जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी लखनऊ को मानव संपदा पोर्टल पर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। ऑनलाइन छुट्टियों से शिक्षक अब अवकाश लेने में खेल भी नहीं कर पाएंगे।
