Friday, September 18, 2026
Homeकानपुरअपहृत छात्रा को 24 घंटे में करेंगे बरामद, आरोपी भी पकड़े जाएंगे...

अपहृत छात्रा को 24 घंटे में करेंगे बरामद, आरोपी भी पकड़े जाएंगे : जेसीपी

-छात्रा अपहरण मामले में पुलिस ने गठित की छह टीमें

कानपुर (हि.स.)। बर्रा थाना क्षेत्र से अपहृत छात्रा को लेकर पुलिस विभाग ने छह टीमों का गठन किया है। पुलिस टीमें काफी हद तक सफलता की ओर बढ़ रही है और 24 घंटे के अंदर छात्रा को बरामद कर घटना का खुलासा किया जाएगा। यह बातें शनिवार को संयुक्त पुलिस आयुक्त आनंद प्रकाश तिवारी ने कही।

बर्रा विश्वबैक इलाके में रहने वाले परिवार ने शुक्रवार की देर रात पुलिस को सूचना दी थी उनकी बेटी शाम को कोचिंग गई थी। कोचिंग खत्म होने के बाद बेटी को कई बार कॉल की गई मगर बेटी की कॉल रिसीव नहीं हुई। रात में उनके पास 19 नंबर से कॉल आई और बेटी के अपहरण की बात बोलकर उसकी सलामती के लिए 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई। अपहरण की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और घटनास्थल पर डीसीपी दक्षिण रविन्द्र कुमार एडीसीपी अंकिता शर्मा के साथ पहुंचे। काफी खोजबीन के बाद भी छात्रा का कोई सुराग नहीं लग सका।

इस पर शनिवार को संयुक्त पुलिस आयुक्त आनंद प्रकाश तिवारी ने बताया कि पुलिस की छह टीमें गठित की गई हैं। छात्रा के अपहरण के मामले में मुकदमा भी दर्ज कर लिया गया है और इलाके के सभी सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। देर रात ही उन्नाव के लिए एक टीम रवाना की गई है। लापता हुई युवती के इंस्टाग्राम अकाउंट से क्षेत्र के रहने वाले एक युवक के साथ फोटो भी देखी गई है। युवती के गायब होने के साथ ही युवक भी गायब है। पुलिस ने युवक के परिवार को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। टीम से जो सूचना मिली है उसके अनुसार छात्रा जहां पर है उसकी जानकारी मिल गई है और 24 घंटे के अंदर उसे बरामद कर लिया जाएगा। इसके साथ ही पूरे मामले में जो भी दोषी होंगे उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अजय/मोहित

RELATED ARTICLES

Most Popular