गाजियाबाद (हि.स.)। जुमे की नमाज शांतिपूर्वक संपन्न होने के बाद गाजियाबाद पुलिस अब केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना के खिलाफ चल रहे आंदोलन को लेकर विशेष सतर्कता बरत रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुनिराज ने शुक्रवार देर रात वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। इसके बाद देर रात से ही स्टेडियम, मेट्रो स्टेशन, रेलवे स्टेशन एवं स्कूल, कॉलेज के आसपास की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और पुलिस लगातार गश्त कर रही है।
भाजपा की निलंबित नेता नूपुर शर्मा के पैगंबर मोहम्मद साहब पर आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद देश में हुए हिंसक प्रदर्शनों के बाद गाजियाबाद पुलिस पिछले दो शुक्रवार को जुम्मे की नमाज शांतिपूर्वक अदा कराने और जिले में अमन-चैन कायम रखने के मद्देनजर पूरी तरह सक्रिय रही। पुलिस ने सभी धर्मगुरुओं से वार्ता करके अमन चैन कायम करने की कोशिश की। वहीं ड्रोन से भी स्थिति पर निगरानी करती रही।
अग्निपथ योजना के खिलाफ गाजियाबाद में अभी तक कोई हिंसक प्रदर्शन तो हुआ नहीं है लेकिन गुरुवार एवं शुक्रवार को मेरठ रोड पर छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया गया था। इसे पुलिस ने छात्रों को समझा-बुझाकर शांत करा दिया था, लेकिन पुलिस इस मामले पर कोई रिस्क नहीं लेना चाहती हैं। इसी के मद्देनजर जिलाधिकारी आरके सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुनिराज जी. लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। पुलिस अधीक्षक से लेकर थाना प्रभारी तक, सभी सड़कों पर भ्रमण करते रहे। नया गाजियाबाद रेलवे स्टेशन हो या पुराना गाजियाबाद रेलवे स्टेशन, नया एवं पुराना बस अड्डा, सभी मेट्रो स्टेशनों और सार्वजनिक चौराहों पर पुलिस तैनात रही और गश्त करती रही। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण इरज राजा ने मोदीनगर के गांधी पार्क एवं रेलवे स्टेशन का खुद दौरा किया और अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए। कुल मिलाकर पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुनिराज का कहना है कि स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और किसी भी सूरत में स्थिति बिगड़ने नहीं दी जाएगी।
फरमान अली
