Wednesday, July 9, 2025
Homeउत्तर प्रदेशभाजपा प्रदेशाध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी का घेराव, जमकर नारेबाजी

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी का घेराव, जमकर नारेबाजी

बरेली (हि.स.)। पूर्व केंद्रीय मंत्री और 8 बार के सांसद संतोष गंगवार के कार्यालय भारत सेवा ट्रस्ट पर जमकर हंगामा हुआ। यहां पहुंचे हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी को सैकड़ों की भीड़ ने घेर लिया। इस दौरान जमकर हंगामा हुआ और नारेबाजी भी हुई। दरअसल, आठ बार के सांसद संतोष गंगवार का टिकट कटने की वजह से लोग नाराज थे। आक्रोषित लोगों ने आरोप भी लगाया कि बरेली मेयर ने सांसद संतोष गंगवार का अपमान किया है।

मंगलवार को पीलीभीत में प्रधानमंत्री की जनसभा होनी है, इसी को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी यहां पहुंचे थे। उनके यहां आते ही लोग नारेबाजी करते हुए हंगामा करने लगे। खुद संतोष गंगवार ने हंगामा करते अपने समर्थकों के बीच से किसी तरह से भूपेंद्र चौधरी को निकाला। हंगामा करते हुए लोग मेयर के इस्तीफे को मांग पर अड़ गए। उन्होंने कहा कि अगर मेयर ने इस्तीफा नहीं दिया तो चुनाव का बहिष्कार करेंगे।

भाजपा में पीएम की रैली से पहले हुई इस कलह पर अखिलेश यादव ने भी सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पोस्ट करते हुए निशाना साधा। उन्होंने लिखा, “उप्र भाजपा ही नहीं बल्कि पूरे देश में भाजपा के अंदर असंतोष उबाल पर है। मामले में उप्र के बरेली शहर में भाजपा सांसद के कार्यालय में उप्र भाजपा के अध्यक्ष को भाजपा कार्यकर्ताओं ने ही घेर लिया क्योंकि उनके अपने भाजपाई मेयर ने कुर्मी समाज के प्रति अति आपत्तिजनक अभद्र बात कही थी। पूरे देश में इसी तरह की बात के लिए क्षत्रिय-ठाकुर-राजपूत समाज भाजपा को हराने के लिए गंगाजल उठाकर संकल्प ले रहा है या देवी मां की कसमें खा रहा है। गुजरात, राजस्थान, हरियाणा, पश्चिमी व पूर्वी उत्तर प्रदेश सब जगह भाजपा हार रही है। भाजपा का अहंकार जनता तोड़ देगी।”

हंगामा करते हुए भीड़ में लोगों ने कहा कि ये हमारी प्रतिष्ठा की बात है, हम चुनाव का बहिष्कार करते हैं।

बरेली लोकसभा सीट को भाजपा का गढ़ माना जाता है। 1952 के पहले चुनाव से लेकर साल 2019 के चुनाव तक इस सीट पर भाजपा का ही दबदबा रहा। हालांकि पूर्व में कांग्रेस ने भी यहां से सीट जीती लेकिन पिछले तीन दशकों में बसपा और सपा का इस सीट पर खाता भी नहीं खुल पाया।

देश दीपक/आकाश

RELATED ARTICLES

Most Popular