प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर काशी में उत्साह, धार्मिक अनुष्ठान, मां गंगा का पूजन

वाराणसी (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का शुक्रवार को 71वां जन्मदिन है। अपने सांसद और देश के प्रधानमंत्री के जन्मदिन को लेकर काशीवासियों में अलसुबह से ही हर्ष और उत्साह का माहौल है। सुबह से ही प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र में जगह-जगह विविध धार्मिक अनुष्ठान कार्यक्रम चल रहा है। जन्मदिन पर कार्यक्रमों की यह श्रृंखला आगामी 7 अक्टूबर तक चलती रहेगी।

जन्मदिन पर अलसुबह अहिल्याबाई घाट पर प्रदेश के पर्यटन मंत्री डॉ नीलकंठ तिवारी की मौजूदगी में पंडित उदित नारायण मिश्र के आचार्यत्व में 71 बटुकों ने मां गंगा का विधि विधान से षोडशोपचार पूजन किया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच केशर जल व दूध से मां गंगा का अभिषेक कर बटुकों और भाजपा नेताओं ने प्रधानमंत्री के दीर्घ और स्वस्थ जीवन की कामना की।

इस दौरान पर्यटन मंत्री डा.नीलकंठ ने मीडियाकर्मियों से बातचीत में कहा कि प्रधानमंत्री की आस्था सदैव से माँ गंगा में रही है। गंगा के प्रति उनकी निष्ठा व समर्पण को देखते हुए आज यहां घाट पर बटुकों व कार्यकर्ताओं के साथ अभिषेक कर प्रधानमंत्री का जन्मदिन एक भव्य स्वरूप में मनाया गया।

पर्यटन मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के संकल्पों को पूर्ण करने में हम सभी कार्यकर्ता निरन्तर प्रयास करते रहते हैं। यही वजह है कि आज जनता का विश्वास प्रधानमंत्री के नेतृत्व में कायम है। गंगा के पूजन अर्चन के बाद भाजपा महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय ने सभी बटुक ब्राह्मणों को अंगवस्त्र प्रदान कर अभिनंदन किया।

कार्यक्रम संयोजक डॉ.पवन शुक्ला ने बताया कि हमारे सांसद देश के प्रधानमंत्री भी हैं। उनके नेतृत्व में आज पूरे बनारस में विकास रूपी गंगा बह रही है। आवश्यक है कि ऐसे विकास पुरुष के उज्ज्वल भविष्य व अदम्य ऊर्जा प्राप्ति के लिए धार्मिक अनुष्ठान होते रहने चाहिए। प्रधानमंत्री ने काशी ही नहीं अपितु पूरे देश में सुशासन की परिकल्पना की है जिसे देश की जनता सहर्ष स्वीकार कर रही है।

गंगा पूजन में विशाल औढ़ेकर, विनय यादव, विकास महाराज, डॉ.नीरज पांडेय,बाबू महाराज, वेदमूर्ति शास्त्री, सुनील शर्मा, तरुण शास्त्री,भवानी शर्मा, नवीन कसेरा, प्रदीप पांडेय, जितेंद्रधर,अंकुल द्विवेदी,कन्हैया लाल सेठ आदि भी शामिल रहे।

जन्मदिन पर कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव के अगुवाई में भाजपा कार्यकर्ताओं ने श्री संकट मोचन दरबार में हाजिरी लगाई। संकट मोचन दरबार से प्रधानमंत्री के दीर्घ जीवन के लिए प्रार्थना कर कार्यकर्ताओं ने निकट स्थित कुष्ठ आश्रम में रहने वाले बच्चों और रोगियों में प्रसाद वितरित किया।

error: Content is protected !!