Monday, January 19, 2026
Homeउत्तर प्रदेशनौतपा : दूसरे दिन बरपा सूर्य देवता का कहर, पारा पहुंचा 47...

नौतपा : दूसरे दिन बरपा सूर्य देवता का कहर, पारा पहुंचा 47 के पार

– प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा झांसी

झांसी (हि.स.)। भगवान भास्कर के कहर के चलते वीरांगना भूमि झांसी बीते रोज प्रदेश में चर्चा का विषय बन गई। कारण था, नौतपा के दूसरे दिन रविवार को झांसी में भीषण गर्मी का का कहर। तापमान 47 डिग्री सेल्सियस के पार जा पहुंचा, जो न केवल इस मौसम का अब तक का सर्वाधिक तापमान है, बल्कि पूरे प्रदेश में भी सबसे ज्यादा रहा।

अधिकतम तापमान 47.6 डिग्री, न्यूनतम 28.4 डिग्री

मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, झांसी रविवार को प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। यहाँ अधिकतम तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 46.8 डिग्री सेल्सियस के साथ आगरा दूसरे, 46.4 डिग्री सेल्सियस के साथ कानपुर तीसरे, 45.4 डिग्री सेल्सियस के साथ उरई चौथे और 44.4 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रयागराज पांचवें स्थान पर रहा।

आने वाले दिनों में भीषण गर्मी का अनुमान

क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. मुकेश चंद्रा के अनुसार, न्यूनतम तापमान में वृद्धि के कारण रातें भी गर्म हो रही हैं। उन्होंने बताया कि 27 से 31 मई तक तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने, गर्म हवाएं चलने और हीट वेव की संभावना है।

जिलाधिकारी की अपील

जिले के लोगों को हीट वेव व लू के प्रकोप से बचाने के लिए जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने लोगों से अपील की है कि वह 11 बजे से लेकर 4 तक घर के बाहर न निकलें। साथ ही पानी का भरपूर प्रयोग करें। पहनने के लिए सफेद व ढीले कपड़े प्रयोग किए जाएं ताकि गर्मी से बचाव रह सके।

महेश/मोहित

RELATED ARTICLES

Most Popular