गाजियाबाद (हि.स.)। जिले की विजयनगर पुलिस ने गत दिनों कारोबारी से हुई 23 लाख रुपये की लूट का मंगलवार को खुलासा किया। पुलिस ने इस वारदात को अंजाम देने वाले छह बदमाशों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से लूटे गए 20 लाख 50 हजार रुपये नकद और हथियार एवं अन्य वस्तुएं बरामद की गयीं।
डीसीपी शहर निपुण अग्रवाल ने बताया कि नदीम निवासी शहीद नगर थाना साहिबाबाद स्कूटी की डिग्गी में 23 लाख 41 हजार रुपये रखकर आ रहा था तभी तीन अज्ञात व्यक्तियों ने एबीएस कॉलेज के सामने पिस्टल एवं तमंचा दिखाकर रोका और पर्स एवं स्कूटी सहित रुपये लूट कर भाग गये। इस संबंध में थाना विजयनगर पर तत्काल अभियोग पंजीकृत किया गया।
उन्होंने बताया कि घटना के खुलासे के लिए टीमों का गठन किया गया। घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल सर्विलांस तथा मैनुअल इन्टेलिजेन्स एवं मुखबिर की सूचना के आधार पर मंगलवार को तुषार विधूड़ी उर्फ हाका, अभय भडाना, नितिन धामा उर्फ मुनीम, अरुण कसाना, गौरव नागर, धीरज सिंह बसला उर्फ रोशन को कैप्टन गैस एजेंसी के पास से गिरफ्तार किया गया। बदमाशों के पास से 20.50 लाख रुपये नकद, एक पिस्टल एवं एक जिंदा कारतूस, तीन तमंचा, तीन जिंदा कारतूस, एक चाकू, एक पर्स, एक स्कूटी, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, स्विफ्ट कार, एक मोबाइल और अन्य सामग्री बरामद किए।।
फरमान अली
