Tuesday, March 3, 2026
Homeउत्तर प्रदेशUP News : 70 सालों में सभी पार्टियों की सरकारों ने दिया...

UP News : 70 सालों में सभी पार्टियों की सरकारों ने दिया किसानों को धोखा – अरविंद केजरीवाल

मेरठ (हि.स.)। दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने रविवार को कहा कि नए कृषि कानून किसानों के लिए डेथ वारंट है। इन कानूनों से किसानों की जमीन छीन ली जाएगी। केंद्र सरकार किसानों पर अंग्रेजों से भी ज्यादा जुल्म कर रही है। यह सरकार केवल अपने हित देख रही है। उन्होंने कहा कि 70 सालों में सभी पार्टियों की सरकारों ने किसानों को धोखा दिया है। 

आम आदमी पार्टी ने 2022 के यूपी विधानसभा चुनावों की तैयारी शुरू कर दी है। रविवार को आप द्वारा मेरठ में रोहटा रोड बाईपास स्थित संस्कृति रिसोर्ट में किसान महापंचायत का आयोजन किया गया। महापंचायत में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर करारे प्रहार किए।
उन्होंने कहा कि चीनी मिल मालिकों से यारी के चलते योगी सरकार किसानों का बकाया गन्ना भुगतान नहीं करवा रही। वहीं, दिल्ली बाॅर्डर पर बैरियर लगाए गए हैं। किसान सर्दी और गर्मी में सड़क पर बैठकर तीन महीने से कृषि कानूनों का विरोध कर रहे हैं। इसके बाद भी सरकार चुप्पी साधे हुए बैठी है। वहीं, केंद्र सरकार किसानों को देशद्रोही बता रही है। जबकि किसानों के परिवार के लोग ही बाॅर्डर पर देश की रक्षा कर रहे हैं। 
केंद्र सरकार की साजिश दिल्ली की घटना
गणतंत्र दिवस के अवसर पर हुई दिल्ली हिंसा पर श्री केजरीवाल ने केंद्र सरकार को कटघरे में खड़ा किया। कहा कि दिल्ली की शर्मनाक घटना में भाजपा समर्थक शामिल थे। यह केंद्र सरकार की ही साजिश थी कि रूट डायवर्ट करके किसानों को दिल्ली भेजा जाए। इसके बाद उन पर मुकदमा करके आंदोलन समाप्त किया जा सके। 
राकेश टिकैत के आंसुओं से हुआ दुख
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि गाजीपुर बाॅर्डर पर भाकियू नेता राकेश टिकैत अपना शरीर तपा रहे हैं, लेकिन सरकार की करनी से उनकी आंखों में आंसु आ गए। इससे उनका मन दुखी हो गया। बाॅर्डर पर बैठे किसानों की सेवा में आप कार्यकर्ता और विधायक लगे हुए हैं। किसानों को राशन-पानी दिया जा रहे हैं। 
एमएसपी देने से बच रही भाजपा
दिल्ली के मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि भाजपा की केंद्र व राज्य सरकार किसानों को एमएसपी देने से बच रही है। उत्तर प्रदेश की एक भी मंडी बता दीजिए, जहां एमएसपी मिल रहा हो। आम आदमी पार्टी एमएसपी को लागू करेगी। डीजल, पेट्रोल, गैस आदि के दाम आसमान छू रहे हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular