Saturday, August 15, 2026
Homeउत्तर प्रदेशUP News : रोहनिया थाना प्रभारी ने दो परिवार को उजड़ने से...

UP News : रोहनिया थाना प्रभारी ने दो परिवार को उजड़ने से बचाया, कराई शादी

वाराणसी (हि.स.)। रोहनिया थाने में शुक्रवार को सुखद नजारा रहा। थाना प्रभारी की पहल पर दो परिवार उजड़ने से बच गये। दोनों परिवारों की रजामंदी से युवक युवती की शादी कराकर थाना प्रभारी ने लोगों का दिल जीत लिया।

दरअसल क्षेत्र की बहोरनपुर गांव निवासी राजपति पटेल की पुत्री सुशीला पटेल ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। सुशीला ने आरोप लगाया कि मड़ुवाडीह थाना क्षेत्र के कंदवा निवासी विजय बहादुर पटेल के पुत्र साहिल पटेल ने उससे शादी करने का वादा किया था। मगर अब शादी करने से इंकार कर रहा है। युवती की शिकायत का जांच कराने के बाद थाना प्रभारी परशुराम त्रिपाठी ने दोनों पक्षों को आज थाने में बुलवाया। छानबीन में दोनों के बालिग होने पर उन्होंने दोनों के परिजनों को समझाया बुझाया। 
थाना प्रभारी की बात पर दोनों पक्ष शादी के लिए तैयार हो गयो। इसके बाद थाना परिसर स्थित मंदिर में लड़का व लड़की ने एक दूसरे को वरमाला पहनाकर शादी कर ली। गवाह दोनों के परिवार के सदस्यों के अलावा पुलिस कर्मी भी बने। शादी के बाद वर वधु के दोनों पक्षों के परिजनों के साथ पुलिस कर्मियों से भी आर्शिवाद लिया। थाना प्रभारी के नेक पहल की चर्चा सोशल मीडिया में भी बनी रही। लोग इस कार्य के लिए पुलिस कर्मियों को बधाई भी देते रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular