Wednesday, April 29, 2026
Homeउत्तर प्रदेशUP News : मौरंग खदान में सो रहे मजदूरों पर जेसीबी मशीन...

UP News : मौरंग खदान में सो रहे मजदूरों पर जेसीबी मशीन चढ़ी, एक मजदूर की मौत

-दूसरा गंभीर हालत में झांसी मेडिकल कालेज रेफर,घटना से मौरंग खदान में मचा हड़कंप
हमीरपुर(हि.स.)। ललपुरा थाना क्षेत्र के बेतवा नदी में संचालित मौरंग खदान में जेसीबी मशीन दो मजदूरों पर चढ़ गयी, जिससे एक मजदूर की मौत हो गयी। वहीं दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। इस घटना से मौरंग खदान में अफरातफरी मच गयी है। घायल मजदूर को इलाज के लिये झांसी मेडिकल कालेज भेजा गया है। पुलिस ने गुरुवार को मौरंग खदान पहुंचकर घटना की जांच शुरू कर दी है। शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भेजा है। परिजनों को घटना की सूचना भेजी गयी है। 
ललपुरा थाना क्षेत्र में बेतवा नदी में कई मौरंग खदानें संचालित है। बेरी मौरंग खदान खंड-10/1 उमा बिल्डर्स के नाम है। इस मौरंग खदान के पट्टाधारक अमित कटियार है। ललपुरा थानाध्यक्ष ओमप्रकाश यादव ने आज यहां बताया कि बुधवार की देर रात मौरंग खदान में ग्राम करो लिधौरा टीकमगढ़ मध्यप्रदेश निवासी हेल्पर अनिल (22) पुत्र रदौस व समीर पुत्र इदरीश जमीन पर सो रहे थे तभी जेसीबी मशीन की चपेट में ये दोनों आ गये जिससे अनिल की मौत हो गयी वहीं समीर को अस्पताल से झांसी मेडिकल कालेज रेफर किया गया है। 
बताया कि जेसीबी मशीन का चालक मोबाइल फोन पर बात कर रहा था जिससे मशीन चलाते समय उसका ध्यान भटक गया और जेसीबी मशीन सो रहे मजदूरं पर चढ़ गयी। थानाध्यक्ष ने कहा कि घटना की सूचना परिजनों को दे दी गयी है। परिजनों के आने के बाद मुकदमा दर्ज किया जायेगा। जेसीबी मशीन को कब्जे में ले लिया गया है। बता दे कि चालक मौके के भाग गया है जिसकी तलाश करायी जा रही है। इस घटना के बाद मौरंग खदान में खनन कार्य प्रभावित हो गया है। 

RELATED ARTICLES

Most Popular